जयपुर | राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा है कि पंजाब की फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी गंगानगर और हनुमानगढ़ तक पहुंच रहा है, जो कैंसर की बड़ी वजह बन सकता है। राज्यपाल भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के 23वें कैंसर सर्वाइवर्स डे पर महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

एंटी कैंसर दवाओं को भी आयुष्मान आरोग्य योजना से जोड़ा जा रहा
कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि कैंसर से बचाव की दिशा में अर्ली डिटेक्शन (जल्द पहचान) सबसे अहम कड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि केंद्र सरकार कैंसर के इलाज को लेकर गंभीर है और अब एंटी कैंसर दवाओं को भी आयुष्मान आरोग्य योजना में जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 450 से अधिक डे केयर सेंटर पहले से ही ऑपरेशनल स्टेज में हैं। सर्वाइकल कैंसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि फरवरी से शुरू हुआ टीकाकरण कार्यक्रम भविष्य में बड़ा बदलाव लाएगा। उन्होंने राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की भी तारीफ की।
राज्यपाल बोले- कैंसर मुक्त राजस्थान का लक्ष्य तय हो
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि जैसे टीबी मुक्त राजस्थान की बात हो रही है, वैसे ही कैंसर मुक्त राजस्थान का लक्ष्य भी तय किया जाना चाहिए। उन्होंने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब की फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी संभवतः गंगानगर और हनुमानगढ़ तक पहुंच रहा है। इस संबंध में उन्होंने पंजाब के राज्यपाल को पत्र भी लिखा है और उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में इसका समाधान होगा। उन्होंने तंबाकू और धूम्रपान से होने वाले कैंसर पर भी अपने विचार साझा किए।

राजस्थान में 35 हजार करोड़ का मेडिकल बजट चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं का ब्यौरा देते हुए बताया:
- बजट और नियुक्तियां: प्रदेश में 35 हजार करोड़ रुपए का मेडिकल बजट रखा गया है। भजनलाल सरकार ने 60 हजार नियुक्तियों की घोषणा की है, जिनमें से 25 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं।
- योजनाओं का लाभ: प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 68 लाख से अधिक मरीजों को 13 हजार करोड़ रुपए का लाभ दिया गया है।
- कैंसर स्क्रीनिंग: नेशनल हेल्थ मिशन के तहत वार्षिक सर्वे के माध्यम से कैंसर स्क्रीनिंग की जा रही है।
- सर्वाइकल कैंसर: हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान से सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की थी, जिस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
