डीग: पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद अब डीग जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर है। इस पूरे चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू बहुमत का जादुई आंकड़ा ’15’ है, जिस पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की नजरें टिकी हुई हैं। आलम यह है कि क्रॉस वोटिंग और सदस्यों के टूटने के डर से दोनों राजनीतिक दलों ने अपने नवनिर्वाचित सदस्यों की कड़ी बाड़ेबंदी कर दी है। निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिला परिषद की 29 सीटों पर जीत दर्ज करने वाले किसी भी सदस्य ने अब तक अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र तक प्राप्त नहीं किया है।
हॉर्स ट्रेडिंग और क्रॉस वोटिंग का सता रहा डर
नियमों के मुताबिक, चुनाव जीतने वाले प्रत्याशी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त करना होता है। लेकिन बाड़ेबंदी से बाहर निकलने पर विरोधी खेमे के संपर्क में आने के डर से पार्टी नेता सदस्यों को बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। 20 नवंबर को आए 29 सदस्यीय जिला परिषद के नतीजों में कांग्रेस 14 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि भाजपा को 10 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। इसके अलावा 1 सीट बसपा और 4 सीटें निर्दलीयों के खाते में गई हैं।
जिला प्रमुख बनाने के लिए कांग्रेस को महज 1 सदस्य की जरूरत है, जबकि भाजपा को 5 सदस्यों का जुगाड़ करना है। इसके बावजूद भाजपा ने निर्दलीयों और कई कांग्रेस सदस्यों के अपने संपर्क में होने का दावा करते हुए बोर्ड बनाने की बात कही है। इसी हॉर्स ट्रेडिंग और भीतरघात की आशंका के चलते दोनों दलों ने अपने जीते हुए उम्मीदवारों को होटल और रिसॉर्ट्स में शिफ्ट कर दिया है।
कांग्रेस के खेमे में सेंध, 3 सदस्य बाहर
बहुमत के बेहद करीब होने के बावजूद कांग्रेस को अपने ही सदस्यों की क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। देर रात मिली रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस के 14 निर्वाचित सदस्यों में से फिलहाल एक निर्दलीय सहित कुल 12 सदस्य ही पार्टी के साथ हैं, जिन्हें हिमाचल प्रदेश में बाड़ेबंदी में रखा गया है। कांग्रेस के 3 निर्वाचित सदस्य पार्टी के खेमे से बाहर बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के 2 सदस्य जिला प्रमुख की संभावित दावेदार सविता कसाना और 1 सदस्य रेनू सिंह के खेमे या उनके संपर्क में हैं। इसके अलावा, जिला प्रमुख से लेकर पंचायत समितियों में प्रधान के चुनाव को लेकर कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह के बयानों के कारण भी कांग्रेस इस चुनाव में कुछ कमजोर नजर आ रही है।
भाजपा का 15 से अधिक सदस्यों के समर्थन का दावा
दूसरी ओर, बहुमत के आंकड़े से 5 सीटें पीछे होने के बावजूद भाजपा पूरी तरह आश्वस्त दिख रही है। मौजूदा रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा ने अपने सभी निर्वाचित सदस्यों को जयपुर में प्रदेश नेतृत्व के अधीन रखा है। भाजपा नेताओं का दावा है कि उनके खेमे में बहुमत के जादुई आंकड़े 15 से भी अधिक सदस्य मौजूद हैं।
25 नवंबर को मतदान के दिन ही प्रमाण पत्र और शपथ की तैयारी
जोड़-तोड़ की इस तेज राजनीति के बीच दोनों दलों की रणनीति अपने-अपने सदस्यों को मतदान के आखिरी पल तक एकजुट रखने की है। माना जा रहा है कि विरोधी खेमे को संपर्क साधने का कोई मौका न मिले, इसके लिए दोनों पार्टियां 25 नवंबर को मतदान के दिन ही सीधे जिला मुख्यालय पर अपने सदस्यों को लेकर पहुंचेंगी और उसी दिन प्रमाण पत्र प्राप्त करने के साथ-साथ शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अब किसके दावों में कितना दम है, इसकी असली तस्वीर 25 नवंबर को मतदान के दिन ही साफ हो पाएगी।