बूंदी में ACB का बड़ा धमाका: 25 हजार की रिश्वत लेते ग्राम विकास अधिकारी (VDO) रंगे हाथों गिरफ्तार

बूंदी/कोटा: राजस्थान में भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कोटा स्पेशल यूनिट ने मंगलवार को बूंदी जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। केशोरायपाटन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सखावदा में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सतवीर सिंह कुमावत को 25,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

विकास कार्यों के भुगतान के बदले मांगा ‘कमीशन’

यह पूरा मामला स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए गए विकास कार्यों के भुगतान से जुड़ा है। परिवादी ने सखावदा गांव में नालियों के निर्माण और सफाई व्यवस्था का कार्य करवाया था, जिसके लगभग डेढ़ लाख रुपए के बिल बकाया थे। आरोप है कि वी़डियो सतवीर सिंह कुमावत इन बिलों को पास करने और भविष्य में कार्यों में अड़ंगा न डालने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

ACB की टीम ने ऐसे दबोचा

परिवादी ने 5 मई 2026 को कोटा एसीबी कार्यालय में इस भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का सत्यापन होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजना के मुताबिक, जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि आरोपी अधिकारी को थमाई, टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

ठिकानों पर तलाशी और जांच जारी

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी अधिकारी के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गहन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद से केशोरायपाटन क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मचा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment