जयपुर/कोटपूतली: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजस्थान के कोटपूतली में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाने के उप निरीक्षक (एसआई) राजेंद्र सिंह को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी ने एक मुकदमे में मदद करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। एसीबी की टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मुकदमे में मदद के नाम पर मांगे थे 5,000 रुपये
एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने बैंक के खिलाफ न्यायालय के माध्यम से कोटपूतली पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। इस मामले की जांच उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह कर रहे थे। आरोप है कि जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह मुकदमे में आगे की कार्रवाई करने और मदद करने की एवज में परिवादी से लगातार 5,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था, जिससे परेशान होकर परिवादी ने एसीबी का दरवाजा खटखटाया।
सत्यापन के दौरान सही पाया गया मामला
शिकायत मिलने के बाद एसीबी चौकी (अलवर प्रथम) ने मामले की गंभीरता को समझते हुए 19 अगस्त को रिश्वत की मांग का सत्यापन (Verification) कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी एसआई द्वारा 5,000 रुपये रिश्वत मांगने की बात पूरी तरह सही पाई गई। इस दौरान आरोपी ने परिवादी से पहली किस्त के रूप में 1,500 रुपये पहले ही प्राप्त कर लिए थे, और शेष 3,500 रुपये बाद में देने पर सहमति बनी थी।
एसीबी टीम ने ऐसे बिछाया जाल
रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद, उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह को परिवादी से शेष 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी ने आरोपी उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।