शपथ लेते ही एक्शन में थलपति: तमिलनाडु में भ्रष्टाचार और नशे के खिलाफ टास्क फोर्स, जनता के लिए खोली राहत की फाइलें

तमिलनाडु की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ तब आया जब तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख और लोकप्रिय अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा पद और गोपनीयता की शपथ दिलाए जाने के साथ ही राज्य में करीब छह दशकों से चले आ रहे DMK और AIADMK के द्विध्रुवीय शासन का अंत हो गया है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। हालांकि, शपथ के दौरान जब विजय निर्धारित पंक्तियों से हटकर बोलने लगे, तो राज्यपाल ने उन्हें टोकते हुए प्रोटोकॉल का पालन करने का निर्देश दिया। विजय के साथ उनकी पार्टी के 9 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली, जिससे राज्य में एक नई राजनीतिक पारी का आगाज हुआ है।

श्वेत पत्र :

सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री विजय ने कड़े तेवर दिखाए और पिछली DMK सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य की आर्थिक स्थिति पर ‘श्वेत पत्र’ जारी करने का ऐलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने राज्य के खजाने को खाली कर दिया है और भारी कर्ज छोड़ा है। भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने और पारदर्शी शासन देने का वादा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जनता के पैसे का दुरुपयोग नहीं होने देंगे और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार के सभी निर्णय बंद कमरों के बजाय पूरी तरह से सार्वजनिक और पारदर्शी होंगे।

मुख्यमंत्री विजय के ऐतिहासिक निर्णय:

मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पहली ही कलम से विजय ने राज्य की जनता को बड़ी राहत देते हुए 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए एक विशेष टास्क फोर्स और राज्य में नशे के बढ़ते जाल को खत्म करने के लिए ‘एंटी-ड्रग स्क्वाड’ बनाने का कड़ा आदेश जारी किया।

कांग्रेस और सहयोगियों का आभार

विजय ने अपनी नई पारी के लिए राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी खुद मौजूद रहे, जो दोनों दलों के बीच भविष्य के मजबूत गठबंधन के संकेत दे रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के तमिलनाडु के सभी 8 करोड़ नागरिकों के कल्याण के लिए काम करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment