जयपुर – राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 को लेकर अहम सूचना जारी की है। आयोग ने उर्दू विषय के पदों के लिए पात्रता जांच हेतु ‘विचारित सूची’ (Provisional List) जारी कर दी है। हैरानी की बात यह है कि परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों में से नॉन-शेड्यूल्ड एरिया (Non-Scheduled Area) के लिए मात्र 6 अभ्यर्थियों को ही पात्रता जांच के लिए सफल घोषित किया गया है। वहीं, अनुसूचित क्षेत्र (Scheduled Area) में एक भी अभ्यर्थी न्यूनतम उत्तीर्णांक (Minimum Passing Marks) प्राप्त नहीं कर सका, जिसके चलते वहां कोई सूची जारी नहीं की गई।
11 से 17 फरवरी तक भरना होगा विस्तृत आवेदन आयोग सचिव ने बताया कि इस भर्ती के लिए सामान्य ज्ञान (GK) का पेपर 9 सितंबर और उर्दू विषय का पेपर 10 सितंबर 2025 को आयोजित किया गया था। अब जो 6 अभ्यर्थी अस्थाई रूप से सफल हुए हैं, उन्हें अपनी एसएसओ आईडी (SSO ID) के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर विस्तृत आवेदन पत्र भरना होगा।
- लिंक एक्टिव: 11 फरवरी से 17 फरवरी 2026 (रात 11:59 बजे तक)।
- प्रक्रिया: अभ्यर्थियों को ‘Detailed Form cum Scrutiny’ भरना होगा और उसकी दो प्रतियां प्रिंट करके अपने पास रखनी होंगी।
दस्तावेज सत्यापन RPSC नहीं, विभाग करेगा इस बार एक बड़ा बदलाव यह है कि दस्तावेजों की जांच RPSC कार्यालय में नहीं, बल्कि माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी। अभ्यर्थियों को दो प्रतियों में आवेदन पत्र और मूल दस्तावेजों के साथ विभाग द्वारा तय तारीख और स्थान पर पहुंचना होगा। RPSC इसके लिए अलग से कोई सूचना नहीं भेजेगा। जो अभ्यर्थी विभाग द्वारा बुलाए जाने पर नहीं पहुंचेंगे, उन्हें अपात्र मान लिया जाएगा।
OMR शीट खाली छोड़ना पड़ा भारी: 15 अभ्यर्थी अयोग्य आयोग ने सख्त कदम उठाते हुए 15 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए अयोग्य (Disqualified) घोषित कर दिया है। इन अभ्यर्थियों ने अपनी OMR शीट में 10% से अधिक प्रश्नों में पांचों विकल्पों में से किसी का भी चयन नहीं किया था। नए नियमों के अनुसार, अगर आप प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहते, तो भी आपको 5वां विकल्प भरना अनिवार्य था। ऐसा न करने वालों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इनके रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं।
नोट: यह सूची केवल दस्तावेज सत्यापन के लिए है, इसे अंतिम चयन सूची या मेरिट लिस्ट न समझें।
