राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने ‘निरीक्षक (कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग) भर्ती परीक्षा 2025’ के लिए आधिकारिक पाठ्यक्रम (Syllabus) जारी कर दिया है। आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सिलेबस अपलोड कर दिया है, जिससे अभ्यर्थी अपनी तैयारी को सही दिशा दे सकें।
इन पदों के लिए जारी हुआ सिलेबस आयोग द्वारा जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, यह पाठ्यक्रम निम्नलिखित दो प्रमुख पदों की परीक्षाओं के लिए जारी किया गया है:
- निरीक्षक- कारखाना एवं बॉयलर्स (Inspector – Factories & Boilers)
- निरीक्षक- कारखाना (रसायन) (Inspector – Factories Chemical)
मुख्य परीक्षा नियंत्रक ने दी जानकारी इस संबंध में जानकारी देते हुए आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक श्री आशुतोष गुप्ता ने बताया कि भर्ती परीक्षा 2025 के तहत आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं का विस्तृत पाठ्यक्रम अब आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता और समयबद्धता को ध्यान में रखते हुए आयोग ने समय रहते सिलेबस जारी किया है ताकि अभ्यर्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
ऐसे करें डाउनलोड श्री गुप्ता ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया या अन्य अनाधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने के बजाय आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ही पाठ्यक्रम डाउनलोड करें। सिलेबस का पीडीएफ लिंक वेबसाइट के ‘News and Events’ या ‘Syllabus’ सेक्शन में उपलब्ध करा दिया गया है।
