RPSC के पूर्व चेयरमैन डॉ. शिव सिंह राठौड़ पर SOG का शिकंजा: पेपर लीक कांड में नोटिस जारी

स्कूल व्याख्याता कृषि विज्ञान भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक मामले में एसओजी ने अब आरपीएससी के पूर्व सदस्य और पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. शिव सिंह राठौड़ को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। गिरफ्तार अनिल उर्फ शेर सिंह को एसओजी ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। अब शेर सिंह और बाबूलाल कटारा को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद ही डॉ. शिव सिंह को नोटिस दिया गया है।

शेरसिंह 5 दिन रिमांड पर, आमने-सामने बैठाकर पूछताछ

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि बाबूलाल कटारा, उसके भांजे विजय और शेरसिंह से पूछताछ की जा रही है। इस दौरान पेपर देने की जगह और पैसे के लेन-देन वाले स्थानों की तस्दीक भी करवाई जा रही है। जांच में सामने आया है कि शेर सिंह ने कृषि विज्ञान का पेपर विनोद रेवाड़, भूपेंद्र सारण, सुरेश ढाका सहित अन्य सदस्यों को बेचा था। विनोद और भूपेंद्र पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि सुरेश ढाका फिलहाल फरार चल रहा है।

60 लाख की डील और ‘भूगोल’ का पेपर

एसओजी के अनुसार, कटारा ने शेरसिंह को 60 लाख रुपए में पेपर दिया था। इसके बदले में कटारा ने शेर सिंह से रुपए व अपने भांजे के लिए भूगोल का पेपर मांगा था। शेर सिंह ने सुरेश ढाका से पेपर लेकर सॉल्व पेपर विजय को भेजा था, लेकिन वह उसे देख नहीं पाया।

ऐसे लीक किया था पेपर

पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि कटारा ने आरपीएससी कार्यालय से ही पेपर चोरी किया और उसे अपने सरकारी आवास पर पहुंचाया। वहां उसके भांजे विजय डामोर ने पेपर को रजिस्टर में लिखा। इसके बाद यह पेपर 60 लाख रुपए में शेर सिंह मीणा को बेच दिया गया था।

Share This Article
Leave a Comment