राजस्थान सरकार के कार्मिक (क-4/2) विभाग द्वारा राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा, 2024 के माध्यम से चयन हेतु संभावित अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में एक महत्वपूर्ण विज्ञप्ति जारी की गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों को पहले मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होने के लिए सूचित किया गया था, लेकिन वे निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हो सके, उन्हें आयोग द्वारा एक और अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है। ऐसे सभी अनुपस्थित अभ्यर्थियों को पुनः सूचित किया जाता है कि वे अपने नाम के सामने अंकित निर्धारित तिथि यानी 24 अगस्त 2026 को प्रातः 08:30 बजे तक जयपुर स्थित एस.एम.एस. अस्पताल के मेडिकल ज्यूरिस्ट विभाग में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थियों को उनके आवेदन पत्र में उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर मैसेज के माध्यम से भी सूचना भेज दी जाएगी। सभी संबंधित अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आधिकारिक विज्ञप्ति डाउनलोड कर लें और तय तिथि व समय पर मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होना सुनिश्चित करें।