जयपुर: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राजस्थान को एक बार फिर बड़ी निराशा हाथ लगी है। स्वच्छता के मामले में दूसरे शहरों का मार्गदर्शन करने के लिए केंद्र द्वारा शुरू की गई ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ (Swachh Shahar Jodi) पहल के परिणाम शुक्रवार को जारी हुए। इन नतीजों ने राजस्थान की पोल खोलकर रख दी है। प्रदेश की दोनों जोड़ियां सूची में बुरी तरह पिछड़ गई हैं। जयपुर-बगरू की जोड़ी को देश भर में 65वां स्थान मिला है, जबकि डूंगरपुर-सागवाड़ा की जोड़ी 70वें नंबर पर रही है। इससे पहले 11 नवंबर को आए मुख्य परिणामों में भी राजस्थान के शहरों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था।
क्या थी ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल?
इस पहल की शुरुआत पहली बार की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य यह था कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहर (मेंटर) अपने अनुभव और कार्यप्रणाली से छोटे शहरों (मेंटी) की सफाई व्यवस्था में सुधार लाएं। इसके तहत राजस्थान में जयपुर को बगरू का और डूंगरपुर को सागवाड़ा का मेंटर शहर बनाया गया था। लेकिन नतीजे बताते हैं कि मेंटर शहर खुद ही स्वच्छता के मानकों पर खरे नहीं उतर पाए। इस श्रेणी में अहमदाबाद-साणंद (गुजरात) की जोड़ी ने पहला, इंदौर-देपालपुर (मध्यप्रदेश) ने दूसरा और तिरुपति-कुप्पम (आंध्रप्रदेश) की जोड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
गुरु जयपुर खुद ही पिछड़ गया, बगरू को क्या सिखाता?
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में जयपुर की स्थिति पहले ही खराब रही है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में टॉप-3 से बाहर रहने वाले जयपुर को जब बगरू को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी मिली, तो वह खुद ही पिछड़ गया। सितंबर 2025 में जयपुर नगर निगम और बगरू नगर पालिका के बीच एक एमओयू (MOU) साइन हुआ था। इसके तहत जयपुर को अपने संसाधन और बेहतर सफाई प्रबंधन के गुर बगरू के साथ साझा करने थे। अगर यह साझेदारी सफल होती, तो बगरू में घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण जैसी व्यवस्थाएं मजबूत होतीं।
कागजों तक सीमित रहा एमओयू, उठे गंभीर सवाल
65वीं रैंक के परिणामों ने जयपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पहल की सफलता के लिए केवल एमओयू करना काफी नहीं था, बल्कि अधिकारियों के नियमित दौरे और सफाईकर्मियों का प्रशिक्षण जरूरी था। अब सवाल यह उठ रहा है कि सितंबर 2025 के बाद जयपुर के कितने अधिकारियों ने बगरू का दौरा किया? कचरा संग्रहण और पृथक्करण की व्यवस्था में हकीकत में कितना सुधार आया? यह शर्मनाक नतीजे बताते हैं कि राजस्थान में स्वच्छता अभियान सिर्फ कागजों और फोटो-सेशन तक ही सीमित है।