NEET 2026 परीक्षा रद्द: CBI करेगी पेपर लीक की जांच, 600 नंबर के सवाल लीक होने के बाद सरकार का बड़ा फैसला

केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से NTA द्वारा बाद में जांचे गए इनपुट के आधार पर, और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए जांच निष्कर्षों को देखते हुए, तथा यह सुनिश्चित करने के लिए कि प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी से, 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है। अब यह परीक्षा उन तिथियों पर फिर से आयोजित की जाएगी जिनकी सूचना अलग से दी जाएगी।

NTA का बयान: पारदर्शिता के लिए दोबारा होगी परीक्षा

NTA को प्राप्त इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए निष्कर्षों को एक साथ देखने पर, यह स्थापित हो गया कि वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती थी। फिर से आयोजित होने वाली परीक्षा की तिथियां और नए सिरे से जारी किए जाने वाले एडमिट कार्ड का कार्यक्रम आने वाले दिनों में एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से सूचित किया जाएगा। एजेंसी ने कहा कि एग्जाम सिस्टम में पारदर्शिता बनाए रखने और निष्पक्ष व विश्वसनीय परीक्षा तय करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

CBI को सौंपी गई मामले की जांच

  1. भारत सरकार ने यह निर्णय लिया है कि इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपा जाए, ताकि इसमें लगाए गए आरोपों की व्यापक जांच की जा सके। NTA, ब्यूरो को पूरा सहयोग देगा और जांच के लिए आवश्यक सभी सामग्री, रिकॉर्ड और सहायता उपलब्ध कराएगा।
  2. यह निर्णय छात्रों के हित में और उस विश्वास को बनाए रखने के लिए लिया गया है, जिस पर हमारी राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली टिकी हुई है। NTA इस परिणाम को हल्के में नहीं लेता है और स्वीकार करता है कि इससे उम्मीदवारों और उनके परिवारों को काफी असुविधा होगी।

SOG की कार्रवाई: 45 से ज्यादा लोग हिरासत में

नीट पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने अब तक 45 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में कई राज्यों में छापेमारी और पूछताछ जारी है। कल सोमवार तक इस मामले में 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें सीकर के एक नामी कोचिंग संस्थान से जुड़े करियर काउंसलर भी शामिल बताए जा रहे हैं।

22 लाख छात्रों का भविष्य और जांच के दो बड़े एंगल

नीट परीक्षा में इस बार करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। अब SOG दो बड़े एंगल पर काम कर रही है:

  • पहला: परीक्षा प्रश्नपत्र के प्रिंटिंग और प्रेस में छपाई के दौरान पेपर लीक हुआ हो सकता है।
  • दूसरा: जांच एजेंसियों को शक है कि पेपर सेट करने से जुड़े किसी व्यक्ति की ओर से भी प्रश्नपत्र लीक किया गया हो सकता है।

गेस पेपर विवाद: 720 में से 600 नंबर के सवाल मिले हूबहू

विवाद कथित गेस पेपर से जुड़ा है, जिसमें शामिल 720 में से करीब 600 नंबर के सवाल असली परीक्षा से हूबहू मेल खा रहे थे। SOG की जांच में सामने आया है कि गेस पेपर में करीब 410 प्रश्न थे, जिनमें से 150 सवाल (600 मार्क्स) NEET UG 2026 के पेपर में पूछे गए थे। जांच के मुताबिक, इस कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ का लिंक एक युवक से जुड़ रहा है, जो फिलहाल केरल के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। SOG ने देहरादून, सीकर और झुंझुनूं में बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को दबोचा है।

Share This Article
Leave a Comment