जयपुर: राजधानी के सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में इलाज करवाने वाले मरीजों के लिए अब पुरानी पर्चियां और जांच रिपोर्ट संभालकर रखने की झंझट खत्म होने जा रही है। अस्पताल में भर्ती होने वाले और ओपीडी में आने वाले मरीजों का पूरा डेटा अब ‘आभा’ (ABHA) पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इस पहल का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यदि कोई मरीज भविष्य में दोबारा किसी अन्य बीमारी का इलाज करवाने अस्पताल आता है, तो उसे अपने पुराने मेडिकल रिकॉर्ड साथ लाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। डॉक्टर महज एक क्लिक पर मरीज की पुरानी बीमारी, इलाज और जांचों की पूरी हिस्ट्री देख सकेंगे।
डेढ़ साल में 1.59 लाख भर्ती और 32.47 लाख ओपीडी मरीजों का डेटा ऑनलाइन
एसएमएस हॉस्पिटल प्रशासन से मिली आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले डेढ़ साल के दौरान अस्पताल में 2.50 लाख से अधिक मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें से 1.59 लाख से ज्यादा मरीजों का पूरा मेडिकल डेटा ऑनलाइन कर दिया गया है। इस रिकॉर्ड में मरीज को क्या बीमारी थी, उसे क्या ट्रीटमेंट दिया गया और कौन-कौन सी जांचें की गईं, इसकी पूरी जानकारी आभा पोर्टल पर अपलोड की गई है।
इसी प्रकार, अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच एसएमएस हॉस्पिटल की ओपीडी में कुल 40 लाख 13 हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें से 32.47 लाख से ज्यादा मरीजों का आभा कार्ड बनाकर उनका डेटा ऑनलाइन दर्ज किया जा चुका है।
रोजाना 8 हजार मरीज, 80 फीसदी से ज्यादा का हो रहा रजिस्ट्रेशन
अस्पताल में इस समय प्रतिदिन औसतन 8 हजार मरीज ओपीडी में इलाज के लिए आ रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, इनमें से 80 फीसदी से अधिक मरीजों का आभा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
दूसरे राज्यों में इलाज के दौरान भी मिलेगी मदद
इस व्यवस्था के फायदों के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि राजस्थान में सबसे ज्यादा मरीज एसएमएस हॉस्पिटल में आते हैं। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति की बीमारी से जुड़ा डेटा ऑनलाइन उपलब्ध हो। इससे यदि कोई मरीज भविष्य में किसी दूसरे शहर या राज्य में जाकर इलाज करवाता है और उसके पास अपनी पुरानी बीमारी के दस्तावेज नहीं होते हैं, तो वहां का डॉक्टर भी आभा पोर्टल के जरिए मरीज की पूरी मेडिकल हिस्ट्री देख सकेगा।”
रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ही मिल रही सुविधा
एसएमएस हॉस्पिटल प्रशासन ने मरीजों की सहूलियत के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ही यह सुविधा शुरू कर दी है। राजस्थान के साथ-साथ अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों के लिए भी आभा रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। यदि किसी मरीज का पहले से आभा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं है, तो ओपीडी पर्ची बनाने से पहले काउंटर पर ही उसका आभा रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है और उसके बाद ही ओपीडी पर्ची जारी की जा रही है।