देशभर में जहां गणतंत्र दिवस और नव वर्ष का जश्न मनाया जा रहा है, वहीं जयपुर में इस राष्ट्रीय पर्व को ‘मानव सेवा’ के रूप में मनाया गया। सोमवार को गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर श्री श्याम सेवा समिति एवं सुभाष अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में गुर्जर की थड़ी स्थित राज नर्सिंग होम में एक विशाल निशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

विशेषज्ञों ने दी सेवाएं, 200 से अधिक लाभान्वित
- शिविर संयोजक डॉ. आजाद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।
- डॉ. संजीव गुप्ता और डॉ. दीप शिखा अग्रवाल ने मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया और उचित परामर्श दिया।शिविर में करीब 200 लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाकर स्वास्थ्य जांच कराई और निशुल्क परामर्श का लाभ उठाया।
निशुल्क जांच सुविधा और डायग्नोस्टिक टीम
शिविर में परामर्श के साथ-साथ जांच सुविधाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। एक्सपर्ट डायग्नोस्टिक सेंटर की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
- जांच कार्यों में जय करण जी, डॉ. विकास, राजेश जी गोयल और जसवंत जी ने अपनी सेवाएं दीं और मरीजों की विभिन्न प्रकार की जांचें निशुल्क कीं।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
शिविर के दौरान चिकित्सा जगत और समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और आयोजकों के इस प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. मुकेश गुप्ता, पवन जी नटराज, डॉ. सागर सिंह, मुकेश सिंह, डॉ. सुनील आदि मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि गणतंत्र दिवस पर समाज सेवा का यह कार्य अनुकरणीय है।
