जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘सोने की नकली ईंट’ बेचकर ठगी करने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के पूर्व जिले की कानोता थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोने की नकली ईंट बेचकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो भोले-भाले लोगों को सस्ते सोने का लालच देकर लाखों की चपत लगाते थे।

नकली ईंट और स्कॉर्पियो बरामद

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व, श्रीमती रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 500 ग्राम वजन की एक सोने की नकली ईंट बरामद की गई है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया एक काले रंग का स्कॉर्पियो वाहन, दो मोबाइल फोन और दो फर्जी सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

6 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि आगरा रोड स्थित जयंती नगर के पास दो व्यक्ति स्कॉर्पियो में किसी व्यक्ति को जाल में फँसाकर नकली सोना बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी नीलेश भास्कर नाम के व्यक्ति को 10 लाख रुपये में नकली ईंट बेचने की तैयारी में थे।

बेहद शातिर है ‘तरीका-ए-वारदात’

जाँच में सामने आया कि यह गैंग एक सुव्यवस्थित समूह बनाकर ठगी करता है।

  • पहचान और संपर्क: ये मोबाइल पर ट्रूकॉलर एप के माध्यम से शिकार की सामान्य जानकारी प्राप्त करते हैं।
  • झांसा: फर्जी सिम से कॉल कर खुद को पुराना परिचित बताते हैं और दावा करते हैं कि घर पर JCB से खुदाई के दौरान सोने की ईंट मिली है।
  • असली का झांसा: सैंपल दिखाने के नाम पर ये असली सोने का छोटा टुकड़ा देते हैं, जिसे चेक कराने पर वह असली निकलता है और व्यक्ति झांसे में आ जाता है।
  • ठगी: विश्वास जमने पर असली टुकड़े के बदले नकली ईंट थमाकर लाखों रुपये ऐंठ लेते हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

  1. रासीद उर्फ भूरा (33): पुत्र हारूण, निवासी जाजमका, जिला डीग।
  2. जाकिर हुसैन (42): पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी अकबरपुर मेव, जिला डीग।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार अभियुक्त रासीद उर्फ भूरा के विरुद्ध पहले से धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वह डीग जिले के कैथवाड़ा थाने में वर्ष 2024 से और गोपालगढ़ थाने में वर्ष 2025 से फरार चल रहा था। पुलिस को अंदेशा है कि इनसे पूछताछ में ठगी की कई अन्य बड़ी वारदातों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल आरोपी 5 दिन की पुलिस रिमांड पर हैं।

Share This Article
Leave a Comment