जयपुर/बूंदी। जयपुर डिस्कॉम के कॉर्पोरेट लेवल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बूंदी को बड़ी राहत देते हुए बिजली बिलों पर लगे लेट पेमेंट सरचार्ज (LPS/DPS) की आधी राशि माफ करने का फैसला सुनाया है। मंच की चेयरपर्सन आरती डोगरा की अध्यक्षता में आयोजित आपात बैठक में यह आदेश जारी किया गया।
क्या है पूरा मामला?
राजस्थान सरकार द्वारा 0.5% अतिरिक्त उधार (Additional Borrowing) लेने के लिए डिस्कॉम्स का 100% बकाया चुकता करने की शर्त रखी गई थी। इसी क्रम में प्रमुख शासन सचिव (वित्त) की अध्यक्षता में हुई बैठक के निर्देशों के तहत बूंदी PHED के 25 बिजली कनेक्शनों के लंबित बिलों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू हुई। बूंदी PHED के पेयजल संयंत्रों (Drinking Water Plants) पर जनवरी 2026 तक कुल 23.61 करोड़ का बिजली बिल बकाया था।
बकाया राशि का गणित:-
-कुल बकाया: 23.61 करोड़
-मूल राशि (Principal Amount): 6.44 करोड़
-सरचार्ज (LPS/DPS): 17.17 करोड़
फोरम का फैसला:-
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई सुनवाई में डिस्कॉम अधिकारियों ने पुष्टि की कि PHED द्वारा 6.44 करोड़ की पूरी मूल राशि पहले ही जमा कराई जा चुकी है। केवल 17.17 करोड़ की पेनल्टी/सरचार्ज राशि शेष थी। मामले की गंभीरता और वित्तीय नियमों की पालना को देखते हुए फोरम ने निर्णय लिया कि:
-लेट पेमेंट सरचार्ज (LPS) का 50% हिस्सा माफ किया जाएगा।
-शेष 50% राशि PHED तुरंत प्रभाव से जमा कराएगा।
–PHED अधिकारियों की सहमति के बाद इस शिकायत का अंतिम रूप से निस्तारण कर दिया गया।