जयपुर में फूड सेफ्टी विंग का बड़ा एक्शन: कान्हा, सोढाणी और बीएमबी समेत 12 दुकानों से लिए गए मावे-घेवर के सैंपल

जयपुर: रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए आमजन को मिलावटमुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जयपुर में फूड सेफ्टी टीमों ने कान्हा स्वीट्स, रावत मिष्ठान भंडार, सोढाणी स्वीट्स, बीएमबी सहित शहर की 12 बड़ी मिठाई की दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कई जगह गंभीर अनियमितताएं और भारी मात्रा में सड़ा-गला सामान पकड़ा गया।

रावत मिष्ठान भंडार पर मिला बेहद खराब कुकिंग ऑयल

जयपुर सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले जगतपुरा स्थित रावत मिष्ठान भंडार पर दबिश दी। यहां टीम ने केसर पिस्ता बर्फी और कुकिंग ऑयल के सैंपल लिए। जांच में सामने आया कि जिस तेल में प्याज की कचौरी पकाई जा रही थी, उसकी क्वालिटी बेहद खराब थी।

हलवाई ने पूछताछ में बताया कि वे चार दिन में तेल बदलते हैं और मैनेजर के अनुसार रोजाना लगभग 700 से 800 कचौरीयां तैयार की जाती हैं। लगातार 3-4 दिन तक एक ही तेल में बार-बार कचौरी पकाने से उसमें टोटल पोलर कंपाउंड्स (TPC) का स्तर अत्यधिक बढ़ जाता है, जिससे तेल में ट्रांस फैट की मात्रा बढ़ने के कारण यह सेहत के लिए गंभीर रूप से हानिकारक हो सकता है।

150 किलो सड़ा घेवर नष्ट, प्रोडक्शन यूनिट सील

जयपुर सीएमएचओ फर्स्ट डॉ. रवि शेखावत के निर्देशन में एक अन्य टीम ने बिंदायका के सिंवार मोड़ स्थित प्रधान स्वीट्स एंड कैटर्स पर छापा मारा। यहां गोदाम व दुकान में 150 किलोग्राम खराब और बदबूदार घेवर पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके अलावा घेवर और अन्य मिठाइयां-नमकीन बनाने में इस्तेमाल होने वाली 275 किलोग्राम संदिग्‍ध खाद्य सामग्री को जब्त किया गया। अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने तुरंत प्रभाव से इस दुकान की प्रोडक्शन यूनिट को सील कर दिया।

कई अन्य दुकानों से भी लिए गए सैंपल

अभियान के तहत टीमों ने शहरभर की प्रतिष्ठित दुकानों से घेवर, बर्फी, मावा, समोसा और मिल्क केक के नमूने (Samples) एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के नाम पर आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment