ACB जांच की मंजूरी पर पुनर्विचार की मांग: IAS शिखर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और कार्मिक विभाग को सौंपा विस्तृत जवाब

जयपुर। संपत्ति खरीद से जुड़े विवाद में आखिरकार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को विस्तृत अभ्यावेदन (पक्ष) और कार्मिक विभाग को लिखित जवाब सौंपते हुए अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को तथ्यों के साथ सिरे से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को जांच और कार्रवाई के लिए दी गई मंजूरी पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

शिखर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को दिए गए अभ्यावेदन और कार्मिक विभाग को सौंपे गए जवाब की प्रतियां हाईकोर्ट में दायर याचिका तथा सुप्रीम कोर्ट में पेश की गई विशेष अनुमति याचिका (SLP) के साथ भी संलग्न की हैं। उन्होंने पर्यावरण स्वीकृति दिलाने और एक कंपनी को राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) का लाभ पहुंचाने में पद के दुरुपयोग के आरोपों को भी पूरी तरह निराधार बताया है।

आय से अधिक संपत्ति के आरोपों पर पेश किया 6 साल का हिसाब

मुख्यमंत्री को सौंपे गए अभ्यावेदन में शिखर अग्रवाल ने उदयपुर और अलवर (अजबगढ़) जिलों में खरीदे गए कुल 14 विलाओं का पूरा वित्तीय ब्योरा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन संपत्तियों के लिए 2.16 करोड़ रुपए का भुगतान एकमुश्त नहीं, बल्कि 6 साल की अवधि में किया गया:

  • सितंबर 2019: उदयपुर में 6 विला खरीदने के लिए 90 लाख रुपए का भुगतान किया गया।
  • अगस्त 2021: उदयपुर में 4 अन्य विला खरीदने के लिए 60 लाख रुपए दिए गए।
  • मई 2025: अजबगढ़ (अलवर) में 4 विला के लिए 66 लाख रुपए का भुगतान किया गया।
  • इन सभी संपत्तियों की रजिस्ट्री मार्च 2026 में निर्धारित डीएलसी (DLC) दर के अनुसार करवाई गई।

स्टाम्प चोरी के आरोपों को बताया गलत

बाजार मूल्य से कम कीमत पर संपत्ति खरीदने और स्टाम्प चोरी के आरोपों का खंडन करते हुए अग्रवाल ने कहा कि उदयपुर में खरीदे गए 6 विलाओं के लिए डीएलसी दर लगभग 9.11 लाख रुपए थी, जबकि अजबगढ़ में डीएलसी दर 16.34 लाख रुपए प्रति यूनिट थी। उन्होंने दावा किया कि इन निर्धारित दरों से अधिक स्टाम्प ड्यूटी का भुगतान किया गया है, ऐसे में कम कीमत पर खरीद या राजस्व हानि का सवाल ही नहीं उठता।

“कुछ भी नहीं छिपाया, IPR और ITR में दी पूरी जानकारी”

पारदर्शिता का हवाला देते हुए आईएएस अधिकारी ने कहा कि सभी 14 विलाओं की खरीद की जानकारी नियमानुसार कार्मिक विभाग को दी गई थी। इन्हें वार्षिक अचल संपत्ति विवरण (IPR) में भी स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ने भी 14 विलाओं की खरीद के संबंध में यही प्रक्रिया अपनाई। इसके अलावा, इन संपत्तियों से होने वाली आय को भी आईपीआर और आयकर रिटर्न (ITR) में नियमित रूप से दिखाया गया है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment