उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को राजस्थान के एक दिवसीय दौरे पर रहे। जयपुर पहुँचने पर एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने उनकी अगवानी की। उपराष्ट्रपति ने जयपुर में महावीर कैंसर हॉस्पिटल द्वारा आयोजित 23वें कैंसर सरवाइवर्स डे समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की।
कैंसर के इलाज के लिए केंद्र की बड़ी तैयारी
महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र सरकार कैंसर के इलाज और रोकथाम के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया:
- आयुष्मान आरोग्य: एंटी-कैंसर दवाओं को अब आयुष्मान आरोग्य योजना के दायरे में लाया जा रहा है।
- डे-केयर सेंटर: देशभर में 450 से ज्यादा डे-केयर सेंटर ऑपरेशनल स्टेज में हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुलभ इलाज मिल सके।
- टीकाकरण: फरवरी 2026 से देशभर में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

साफ पानी और मानसिक शांति है जरूरी
उपराष्ट्रपति ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की बात का समर्थन करते हुए कहा कि कैंसर से बचाव के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बीमारी से लड़ने और उस पर जीत हासिल करने के लिए दवाओं के साथ-साथ मानसिक शांति भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बीमारी की ‘अर्ली डिटेक्शन’ (शुरुआती पहचान) पर विशेष जोर दिया।
राजस्थान सरकार के कार्यों की सराहना
समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने राजस्थान में स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में हो रहे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर की खुले मन से प्रशंसा की।

राजस्थान विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह
कैंसर हॉस्पिटल के कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति राजस्थान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। यहाँ वर्ष 2024 और 2025 की परीक्षाओं के सफल 2,71,710 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। समारोह के बाद उपराष्ट्रपति वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
