करौली दंगे के मास्टरमाइंड पर चला बुलडोजर: अमीन खान की अवैध होटल जमींदोज, भारी पुलिस बल के बीच कार्रवाई; DM-SP मौके पर मौजूद

By Admin

करौली, करौली जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 अप्रैल 2022 को हुए करौली दंगों के मास्टरमाइंड और ‘सट्टा किंग’ के नाम से कुख्यात अमीनुद्दीन उर्फ अमीन खान की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चला दिया है। प्रशासन ने सख्त संदेश देते हुए आरोपी की अवैध होटल को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

शिव मंदिर तोड़कर बनाई थी अवैध होटल

हिंदू संगठनों और भाजपा नेता अशोक पाठक के अनुसार, यह कार्रवाई लंबे समय से अपेक्षित थी। आरोप है कि मास्टरमाइंड अमीउद्दीन खान ने इस स्थान पर स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर को तोड़कर अपनी होटल का निर्माण किया था। इसे लेकर स्थानीय सामाजिक और हिंदू संगठनों में लंबे समय से आक्रोश था और वे लगातार इस अवैध निर्माण को हटाने की मांग कर रहे थे।

दो जेसीबी मशीन और एक एलएनटी (L&T) से तोड़ी जा रही अवैध बिल्डिंग

नगरपरिषद आयुक्त प्रेमराज मीना के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है। अंबेडकर सर्किल भट्टा पर स्थित अमीन खान की अवैध होटल को गिराने के लिए दो जेसीबी मशीनों और एक एलएनटी की मदद ली गई है। प्रशासन की टीम पूरी सख्ती के साथ अवैध निर्माण को जमींदोज करने में जुटी है।

DM और SP खुद रख रहे नजर

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। जिला कलेक्टर (DM) नीलाभ सक्सेना और पुलिस अधीक्षक (SP) लोकेश सोनवाल खुद मौके पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

छावनी में तब्दील हुआ इलाका

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या उपद्रव से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर करौली डीएसपी अनुज शुभम और हिण्डौन डीएसपी मुनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान और जिला प्रशासन व नगर परिषद का जाप्ता तैनात है। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।

कौन है अमीनुद्दीन खान?

अमीनुद्दीन खान नगरपरिषद की पूर्व सभापति रशीदा खातुन का पुत्र है। उस पर 2 अप्रैल 2022 को करौली में हुई सांप्रदायिक हिंसा (दंगे) का मास्टरमाइंड होने का आरोप है। इसके अलावा उसे क्षेत्र में ‘सट्टा किंग’ के तौर पर भी जाना जाता है। प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराध और अवैध निर्माण के खिलाफ एक बड़े प्रहार के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!