एक सरकारी महकमे में ‘चौमूं’ का सुपर-पावर!

राजस्थान के एक सरकारी महकमे में लंबे समय से ‘चौमूं राज’ चल रहा है! कहने को तो महकमे के ‘मुखियाजी’ कुर्सी पर बैठे हैं लेकिन चर्चा है कि उनके दिमाग का रिमोट कंट्रोल चौमूं की एक खास जोड़ी के हाथ में है! ‘लाल-राज’ की यह जोड़ी इस कदर हावी है कि महकमे के हर उल्टे-सुल्टे काम इन्हीं की प्लानिंग के अनुसार होते हैं! महकमे में लंबे समय से इस ‘चौमूं की जोड़ी’ का एकछत्र वर्चस्व कायम है और सूत्र बताते हैं कि महकमे के ‘मुखियाजी’ इस जोड़ी से इतने ज्यादा प्रभावित हैं कि उन्होंने इन्हें ही अपना अघोषित ‘थिंक टैंक’ बना रखा है। इसी का फायदा उठाकर ‘मुखियाजी’ और इस जोड़ी ने मिलकर अपने कार्यकाल में महकमे के भीतर कई बड़े ‘खेल’ किए हैं जिसमें ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर जमीनों के खेल में एक बड़ा साम्राज्य खड़ा करने की चर्चाएं हैं।

हालांकि, जब इस जोड़ी के कारनामों की भनक सचिवालय और सियासी गलियारों में फैली और मामला चर्चाओं में आया, तो यह शातिर जोड़ी पूरी तरह से ‘साइलेंट जोन’ में चली गई… और बहुत ही ‘साइलेंट’ तरीके से, बिना किसी शोर-शराबे के, महकमे में पर्दे के पीछे से अपने खेलों को अंजाम दे रही है। लेकिन, अब चूंकि तबादलों का मौसम आ चुका है इसलिए यह जोड़ी एक बार फिर अपने मोहरे फिट करने के लिए चर्चाओं में आने की तैयारी में है। मगर इस बार इनका यह ‘साइलेंट खेल’ ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है क्योंकि महकमे के ‘मुखियाजी’ के ही एक जाति-बंधु, जिन्हें सियासी हलकों में “जोशीले नेताजी” के नाम से जाना जाता है, उन्होंने इस जोड़ी के खिलाफ तगड़ा मोर्चा खोल दिया है।

“जोशीले नेताजी” पिछले कुछ दिनों से ‘मुखियाजी’ और इस ‘चौमूं की जोड़ी’ के तमाम ‘खेलों’ और कारनामों की बारीक से बारीक जानकारी और पुख्ता सबूत जुटा रहे हैं। अंदर की पक्की खबर तो यह भी है कि पिछले दिनों इन “जोशीले नेताजी” ने लोकतंत्र के एक मजबूत स्तम्भ से भी सीक्रेट संपर्क साधा था जहां चर्चा के दौरान वो ‘चौमूं की जोड़ी’ के खेल और उनकी बेनामी जमीनों को लेकर काफी उत्सुक दिखे। अब जयपुर के राजनैतिक हलकों में सिर्फ एक ही सवाल तैर रहा है कि ये “जोशीले नेताजी” कब और क्या बड़ा ‘धमाका’ करेंगे?

EXPOSE बाबू


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment