करौली। करौली जिले के मण्डरायल क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) से निकलकर एक चीता राजस्थान के मण्डरायल डांग इलाके में दाखिल हो गया है। कूनो से आए इस चीते (KGP3) की सूचना मिलते ही स्थानीय वन विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरी टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
अधिकारियों के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन

चीते की लोकेशन ट्रेस होते ही सहायक वन संरक्षक (ACF) हरी सिंह हाड़ा के निर्देशन में वन विभाग की विशेष टीमें मौके पर पहुँच गई हैं। रेंजर टिंकू सिंह और रेंजर इन्द्रजीत सिंह की संयुक्त टीमों ने डांग इलाके में चीते को सफलतापूर्वक ट्रैक किया है। वर्तमान में मनोखुर और चंदेलीपुरा के वन क्षेत्रों में विभाग द्वारा सघन निगरानी और ट्रैकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
मध्य प्रदेश बॉर्डर से किया प्रवेश
जानकारी के अनुसार, चीता KGP3 मध्य प्रदेश की सीमा को पार कर ‘ओण’ के रास्ते मण्डरायल के डांग इलाके में प्रविष्ट हुआ है। रेंजर टिंकू सिंह ने इस मूवमेंट की आधिकारिक जानकारी जिला अधिकारियों के साथ-साथ कूनो अभयारण्य के प्रबंधन को भी दे दी है।

रात भर जारी रही निगरानी
चीते की सुरक्षा और ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम पूरी रात जंगल में डटी रही। वन्यजीव विशेषज्ञों और वनकर्मियों की टीम अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से चीते की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है।
