नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में कार्यरत सहायक निजी सचिव (APS) सिद्धार्थ यादव को तत्काल प्रभाव से उनके कर्तव्यों से मुक्त कर दिया है। मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद सिद्धार्थ यादव की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।
आदेश में क्या है स्पष्ट?
पर्यावरण मंत्रालय के अवर सचिव (Under Secretary) विभूति पंजियार द्वारा हस्ताक्षरित इस आधिकारिक पत्र के अनुसार, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के 3 जुलाई 2026 के कार्यालय ज्ञापन के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि श्री सिद्धार्थ यादव को तुरंत प्रभाव से उनके कर्तव्यों से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

प्रशासनिक हलकों में चर्चा
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के कार्यालय से जुड़े इस महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत अधिकारी को अचानक हटाए जाने के फैसले ने दिल्ली के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को जन्म दे दिया है। हालांकि, आदेश में नियुक्ति समाप्त किए जाने के विशिष्ट कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन इसे एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है।
मंत्रालय द्वारा जारी इस आदेश की प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), मंत्रिमंडल सचिवालय, और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) सहित संबंधित सभी विभागों को भेज दी गई हैं। इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद मंत्रालय में हलचल बनी हुई है।
