राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक चौगान स्टेडियम में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में सड़क सुरक्षा और सामाजिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (RTO-II) विद्याधर नगर, जयपुर में पदस्थापित इंस्पेक्टर दिनेश सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। हजारों नागरिकों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में यह गौरवशाली क्षण संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री माननीय कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं जयपुर जिला कलेक्टर व जिला मजिस्ट्रेट माननीय श्री संदेश नायक ने संयुक्त रूप से इंस्पेक्टर दिनेश सिंह को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में जयपुर शहर की सांसद श्रीमती मंजू शर्मा और विद्याधर नगर विधायक माननीय आचार्य श्री बालमुकुंद आचार्य की विशेष उपस्थिति रही।
छात्रों और नागरिकों को किया जागरूक
गौरतलब है कि इंस्पेक्टर दिनेश सिंह लंबे समय से अपने आधिकारिक दायित्वों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा (Road Safety) के प्रति जन-जागृत अभियान चलाए हुए हैं। उन्होंने विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में जाकर सैकड़ों विद्यार्थियों व आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति प्रेरित किया है। उनके इन जागरूकता अभियानों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और आमजन में ट्रैफिक सेंस विकसित करना रहा है।
पहले भी मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित सम्मान
सड़क सुरक्षा और सामाजिक सरोकार के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के कारण इंस्पेक्टर दिनेश सिंह को इससे पूर्व भी कई मंचों पर सराहा जा चुका है। उनके इन उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें पहले भी स्टेट और नेशनल लेवल (राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर) पर सम्मानित किया जा चुका है। स्वतंत्रता दिवस के इस जिला स्तरीय मंच पर एक बार फिर सम्मान मिलने से परिवहन विभाग और जयपुर प्रशासनिक महकमे में हर्ष का माहौल है।