ACB का बड़ा एक्शन: भीलवाड़ा में PWD एक्सईएन 3.54 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, SE और ट्रेजरी ऑफिसर सहित 7 पर केस दर्ज

भीलवाड़ा। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भीलवाड़ा जिले में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी और गोपनीय कार्रवाई को अंजाम दिया है । एसीबी की टीम ने शाहपुरा खंड के PWD अधिशाषी अभियंता (XEN) शहजाद मोहम्मद को कलेक्ट्रेट परिसर भीलवाड़ा से ₹3,54,000 की भारी-भरकम रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों दबोच लिया है । इस मामले में एसीबी ने एक्सईएन, अधीक्षण अभियंता (SE), कोषाधिकारी (ट्रेजरी ऑफिसर) और सहायक अभियंता (AEN) सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है

इंटरकनेक्टेड फोन कॉल्स से खुला भ्रष्टाचार का खेल

एसीबी मुख्यालय को भीलवाड़ा PWD में टेंडरों और बिलों के भुगतान के बदले मोटी रिश्वत (कमीशन) वसूले जाने की खुफिया जानकारी (सूत्र सूचना) मिली थी । इसके बाद तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा और अनिल सिंह द्वारा लोकसेवकों और ठेकेदारों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस (अं‍तावरोध) पर लिया गया । कॉल डिटेल्स और बातचीत से यह साफ हुआ कि एक्सईएन शहजाद मोहम्मद द्वारा ठेकेदारों से रिश्वत राशि का कलेक्शन कर भीलवाड़ा के अधीक्षण अभियंता (SE) खेमचंद मीणा को पहुंचाया जाना था

कलेक्ट्रेट परिसर में बुलेट और क्रेटा कार का ड्रामा

05 मई 2026 को एसीबी के उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई । दोपहर करीब 2:45 बजे एक्सईएन शहजाद मोहम्मद अपनी क्रेटा कार (जो ठेकेदार मोडूराम की थी) चलाकर कलेक्ट्रेट की तरफ आए । इसी दौरान उन्होंने फोन कर ठेकेदार बनवारीलाल जाट को रिश्वत की रकम लेकर कलेक्ट्रेट बुलाया

कुछ ही मिनटों में बनवारीलाल अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर हैंडल पर एक लाल रंग की थैली लटकाए वहां पहुंचा । बनवारीलाल ने वह नोटों से भरी लाल थैली क्रेटा गाड़ी में पीछे बैठे एक्सईएन शहजाद मोहम्मद को थमा दी और खुद भी कुछ देर के लिए गाड़ी में बैठ गया । इस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही एसीबी की टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों ठेकेदारों और एक्सईएन को मौके पर ही दबोच लिया

फाइल फोल्डर, लिफाफे और बैग से बरामद हुए ₹3.54 लाख

जब एसीबी की टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली, तो एक्सईएन के हाथ में मौजूद हरे रंग के फाइल फोल्डर से ₹500-500 के नोटों की चार गड्डियां (₹2,00,000) और एक सफेद लिफाफे से दो गड्डियां (₹1,00,000) बरामद हुईं । इसके अलावा क्रेटा कार में रखे एक काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर ₹54,000 की अतिरिक्त नकदी मिली । कुल मिलाकर ₹3,54,000 की रिश्वत राशि मौके से जब्त की गई

पूछताछ में उगले राज: ट्रेजरी ऑफिसर को भी दिया जाना था हिस्सा

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बहाने बनाने की कोशिश की । ठेकेदार बनवारीलाल ने इसे महज एक “पार्सल” बताया, जबकि दूसरे ठेकेदार मोडूराम ने कहा कि उसने केवल ₹30,000 उधार दिए थे । हालांकि, कड़ाई से पूछताछ करने पर एक्सईएन शहजाद मोहम्मद ने स्वीकार किया कि बिलों पर ऑब्जेक्शन हटाने और किश्त जारी करवाने के बदले यह कमीशन लिया गया था । उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इस राशि का एक हिस्सा भीलवाड़ा की कोषाधिकारी (ट्रेजरी ऑफिसर) टीना रोलानिया को भी दिया जाना था, जो उस समय मेघालय छुट्टी पर गई हुई थीं

इन 7 आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ केस

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जयपुर के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के आदेशानुसार इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 7A और 12 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है । नामजद किए गए आरोपियों की सूची इस प्रकार है:

  1. शहजाद मोहम्मद – अधिशाषी अभियंता (XEN), PWD खंड शाहपुरा, भीलवाड़ा ।
  2. बनवारीलाल जाट – ठेकेदार (प्रोपराइटर, श्री जी कंस्ट्रक्शन), काछोला, भीलवाड़ा ।
  3. मोडूराम धाकड़ – ठेकेदार, शाहपुरा, भीलवाड़ा ।
  4. खेमचंद मीणा – अधीक्षण अभियंता (SE), PWD भीलवाड़ा ।
  5. श्रीमती टीना रोलानिया – कोषाधिकारी (ट्रेजरी ऑफिसर), कोष कार्यालय भीलवाड़ा ।
  6. सत्यनारायण जाट – ठेकेदार, जहाजपुर, भीलवाड़ा (अन्य कॉल रिकॉर्डिंग में संलिप्तता) ।
  7. बन्ने सिंह बैरवा – सहायक अभियंता (AEN), PWD उपखण्ड जहाजपुर, भीलवाड़ा (गाड़ी के पेमेंट के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में)।

एसीबी ने आरोपियों के आईफोन और अन्य मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है, जिनमें व्हाट्सएप वॉइस कॉल और कॉल लॉग्स के जरिए रिश्वत के पुख्ता सबूत मिले हैं । इस पूरे मामले की आगामी विस्तृत जांच अजमेर एसीबी की पुलिस निरीक्षक श्रीमती कंचन भाटी को सौंपी गई है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment