जयपुर। राजस्थान के जलदाय विभाग (PHED) में पिछले कई महीनों से लंबित चल रहे भुगतान और आठ सूत्रीय मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे ठेकेदारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ‘ऑल राजस्थान PHED कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन’ की संघर्ष समिति और विभाग के अति मुख्य सचिव एवं मिशन डायरेक्टर के बीच हुई उच्च स्तरीय वार्ता में भुगतान को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बन गई है।

वार्ता के मुख्य बिंदु:
- करोड़ों का भुगतान: विभाग में लंबित ओटीएमपी (OTMP) और मेजर प्रोजेक्ट्स (क्वालिटी) के लिए 558 करोड़ रुपये का भुगतान आगामी 25 तारीख से शुरू कर दिया जाएगा।
- फाइनल बिलों का निपटारा: फाइनल बिलों के लिए पूर्व में दिए गए निर्देशों के तहत कुल 3300 स्कीमों में से 1100 स्कीमों का विवरण विभाग को प्राप्त हो चुका है। शेष 2200 स्कीमों का विवरण अगले सात दिनों के भीतर जुटा लिया जाएगा।
- अगली रणनीति: इन सभी विवरणों के संकलन के बाद, 25 तारीख को विभाग के अधिकारी दोबारा संघर्ष समिति के साथ चर्चा करेंगे ताकि शेष भुगतान और अन्य मांगों पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।
गौरतलब है कि ठेकेदार पिछले 33 महीनों से अपने बकाया भुगतान की मांग कर रहे थे और इसके विरोध में 15 मई से विभाग से अपने चार पहिया वाहन हटाने का निर्णय लिया गया था । इस नई सहमति के बाद विभाग में चल रहा गतिरोध समाप्त होने की उम्मीद जगी है।
