-80 करोड़ का बजट 122 करोड़ पार, 104 करोड़ का हिसाब गोल: महज 10-12 दिनों के आयोजन में रोजाना 10 करोड़ से ज्यादा फूंके, विभाग के पास खेलवार खर्च का ब्योरा तक नहीं
-18 करोड़ की खरीद में बाहरी फर्मों पर मेहरबानी: एक ही ब्रांड की सीटी 475 और 715 रुपये में खरीदी, 190 का प्लास्टिक बैग और 60 हजार की बेंच ने खोली टेंडर की पोल
-खिलाड़ियों के हाथ खाली, अनुदान पर चली कैंची: प्रदेश के 218 खिलाड़ियों ने जीते 34 पदक, पर नकद इनाम शून्य, उल्टा सालाना खेल अनुदान 37.22 करोड़ से घटाकर 7.17 करोड़ किया
जयपुर। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को निखारने के बड़े-बड़े दावों के बीच सरकारी खजाने की सबसे बड़ी फिजूलखर्ची और कथित बंदरबांट का चौंकाने वाला सच सामने आया है। राजस्थान में ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025’ के नाम पर महज 10 से 12 दिनों के भीतर प्रदेश और देश के करदाताओं के लगभग 122 करोड़ रुपये फूंक दिए गए। युवा मामले एवं खेल विभाग तथा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के आधिकारिक दस्तावेजों की पड़ताल में जो आंकड़े उजागर हुए हैं, वे इस पूरे आयोजन की नीयत, पारदर्शिता और उपयोगिता पर बेहद गंभीर सवालिया निशान खड़े करते हैं।
24 नवंबर 2025 से 5 दिसंबर 2025 के बीच प्रदेश के सात संभाग मुख्यालयों पर आयोजित इन खेलों के नाम पर हर दिन औसतन 10 करोड़ रुपये से भी अधिक की राशि पानी की तरह बहा दी गई। लेकिन सबसे बड़ा और तीखा सवाल यह है कि आखिर 122 करोड़ रुपये स्वाहा करने के बाद राजस्थान के आमजन और प्रदेश के खिलाड़ियों के हाथ क्या लगा? सरकारी दस्तावेज खुद इस कड़वे सच की गवाही दे रहे हैं कि जिस महाआयोजन पर सवा सौ करोड़ के करीब रकम लुटा दी गई, उसमें पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार राशि या छात्रवृत्ति के नाम पर एक फूटी कौड़ी देने का प्रावधान तक नहीं था। इतना ही नहीं, इतने भारी-भरकम खर्च का विभाग के पास खेलवार हिसाब तक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या यह आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को एक साल के लिए भी जिंदा रखने के लिए था, या फिर खेलों की आड़ में 122 करोड़ रुपये की खुली बंदरबांट की पटकथा लिखी गई थी?


क्या सिर्फ बंदरबांट के लिए था यह ‘खेल’?
सरकारी पत्रावलियों में दर्ज वित्तीय स्वीकृतियों और वास्तविक व्यय के बीच का फासला किसी भी आम नागरिक के होश उड़ाने के लिए काफी है। युवा मामले एवं खेल विभाग द्वारा 16 अक्टूबर 2025 को जारी वित्तीय स्वीकृति आदेश के अनुसार, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 के पूरे आयोजन के लिए कुल 80.54 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। इस 80.54 करोड़ रुपये के बजट में भारत सरकार से 19.54 करोड़ रुपये, राज्य निधि से पहले स्वीकृत 31 करोड़ और अतिरिक्त 20 करोड़ यानी कुल 51 करोड़ रुपये, तथा स्पॉन्सरशिप के माध्यम से 10 करोड़ रुपये जुटाने का प्रावधान तय किया गया था। इस आदेश में साफ निर्देश दिए गए थे कि खेलों के समापन के बाद वास्तविक व्यय के अनुरूप उपयोगिता प्रमाण-पत्र संलग्न करते हुए यदि आवश्यकता हो, तभी अतिरिक्त राशि का औचित्यपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि आयोजन शुरू होने के बाद भी बजट बढ़ाने का खेल बदस्तूर जारी रहा। 24 नवंबर 2025 को खेलों का आगाज हो चुका था, और उसके तीन दिन बाद यानी 27 नवंबर 2025 को विभाग ने एक और आदेश जारी कर कयाकिंग-केनौइंग खेल के उपकरण खरीदने के लिए राज्य निधि से 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के पीडी खाता संख्या 637 में हस्तांतरित करने की सहमति दे दी। इस अतिरिक्त राशि को जोड़ने के बाद भी कुल स्वीकृत बजट लगभग 85.54 करोड़ रुपये के आसपास बैठता है। इसके बावजूद, जब आयोजन के कुल खर्च का आधिकारिक आंकड़ा सामने आया, तो वह सीधे 122 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
यहां सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर 80.54 करोड़ रुपये से 122 करोड़ रुपये तक की यह 41 करोड़ रुपये से ज्यादा की छलांग किन मदों में और किसकी मंजूरी से लगाई गई? इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात विभाग की वह स्वीकारोक्ति है, जिसमें कहा गया है कि इस प्रतियोगिता के आयोजन पर व्यय ‘खेलवार’ न किया जाकर ‘पूर्ण आयोजन’ पर लगभग 122 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
जरा सोचिए, जिस राज्य में एक छोटे से सरकारी दफ्तर में पांच सौ रुपये के स्टेशनरी बिल के लिए भी दर्जनों ऑडिट आपत्तियां और मदवार हिसाब मांगा जाता है, वहां 122 करोड़ रुपये का खेलवार ब्योरा तक न होना क्या किसी बड़े वित्तीय गोलमाल की ओर इशारा नहीं करता? कुल 122 करोड़ रुपये के खर्च में से यदि 18.04 करोड़ रुपये के खेल उपकरणों की खरीद को अलग कर दिया जाए, तो शेष लगभग 104 करोड़ रुपये कहां और कैसे खर्च हुए, इसका कोई पारदर्शी और खेलवार लेखा-जोखा सामने नहीं है। क्या यह 104 करोड़ रुपये महज 10-12 दिनों के टेंट, चमचमाती लाइटिंग, इवेंट मैनेजमेंट, होटलों, वाहनों, प्रचार-प्रसार और वीआईपी आवभगत के नाम पर ठिकाने लगा दिए गए? जब आयोजन ही एक बार के तमाशे की तरह सिमट कर रह गया, तो फिर इतनी भारी रकम की जवाबदेही किसकी तय होगी?


18 करोड़ की खरीद में ‘महाखेल’: 190 का प्लास्टिक बैग, 60 हजार की बेंच और एक ही सीटी के दो-दो दाम!
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 के दौरान 24 खेलों के आयोजन के लिए निविदाओं के माध्यम से विभिन्न फर्मों को कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) जारी कर लगभग 18.04 करोड़ रुपये के खेल उपकरण खरीदे गए। पहले 21 खेलों के लिए वित्त विभाग से 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति ली गई, फिर बीच वॉलीबॉल व साइकिलिंग के लिए अलग से स्वीकृति ली गई और बाद में कयाकिंग-केनौइंग के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। लेकिन जब राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा जारी किए गए इन वर्क ऑर्डरों की बारीकी से जांच की गई, तो सरकारी खरीद के नाम पर की गई चौंकाने वाली दरों और अनियमितताओं की पूरी परतें खुलकर सामने आ गईं।
दस्तावेजों से यह साफ होता है कि 18 करोड़ रुपये से अधिक की इस खरीद का लगभग पूरा मलाईदार हिस्सा राजस्थान के बाहर की चुनिंदा फर्मों—खासकर दिल्ली, मेरठ और लखनऊ की कंपनियों—की झोली में डाला गया:
-मेसर्स मट्टा स्पोर्ट्स (रानी बाग, दिल्ली): इस एक अकेली फर्म को 7 करोड़ 1 लाख 63 हजार 64 रुपये 50 पैसे का सबसे बड़ा वर्क ऑर्डर थमाया गया।
-अंजना इंटरनेशनल इंडस्ट्रीज (ईस्ट ऑफ कैलाश, नई दिल्ली): कयाकिंग-केनौइंग के उपकरणों के लिए 4 करोड़ 67 लाख 45 हजार 690 रुपये का कार्यादेश जारी किया गया।
-मेसर्स आईफिट स्पोर्ट्स प्रा. लि. (लखनऊ): इस फर्म को दो अलग-अलग कार्यादेशों के जरिए कुल 2 करोड़ 74 लाख 9 हजार 319 रुपये (एक 1.15 करोड़ और दूसरा वेटलिफ्टिंग के लिए 1.58 करोड़) का काम दिया गया।
-मेसर्स स्टर्लिंग स्पोर्ट्स इंडस्ट्रीज (मेरठ): इस कंपनी को 2 करोड़ 44 लाख 73 हजार 244 रुपये के उपकरणों का ऑर्डर मिला।
-मेसर्स सैनरिट इम्पेक्स प्रा. लि. (दिल्ली): इस फर्म को दो वर्क ऑर्डर के माध्यम से 1 करोड़ 3 लाख 41 हजार 703 रुपये 50 पैसे (1.00 करोड़ और 3.06 लाख) का काम सौंपा गया।
-मेसर्स प्रेसीडियम एंटरप्राइजेज (शालीमार बाग, दिल्ली): इस फर्म को 13 लाख 2 हजार 515 रुपये की सप्लाई का आदेश दिया गया।
इन वर्क ऑर्डरों में दर्ज उपकरणों और सामान्य वस्तुओं की कीमतें देखकर कोई भी दंग रह जाएगा। सबसे पहले तो एक ही विभाग द्वारा एक ही ब्रांड की चीज को दो अलग-अलग कीमतों पर खरीदने का सीधा सबूत इन दस्तावेजों में कैद है। रेफरी की सीटी (Whistle Fox 40) को ही देख लीजिए—दिल्ली की मेसर्स मट्टा स्पोर्ट्स से यही फॉक्स-40 सीटी 715 रुपये प्रति नग की दर से बड़ी संख्या में खरीदी गई। वहीं दूसरी ओर, दिल्ली की ही मेसर्स प्रेसीडियम एंटरप्राइजेज से ठीक वही Fox-40 सीटी मात्र 475 रुपये प्रति नग के हिसाब से खरीदी गई। एक ही आयोजन के लिए एक ही ब्रांड की सीटी में प्रति पीस 240 रुपये का यह सीधा अंतर किसकी मेहरबानी और किस टेंडर प्रबंधन का नतीजा है?
दरों का यह हैरान करने वाला सिलसिला यहीं नहीं रुकता। इन वर्क ऑर्डरों में मामूली और रोजमर्रा की चीजों के दाम भी आसमान छूते नजर आते हैं:
-प्लास्टिक बैग और झाड़ू: एथलेटिक्स के लिए 250 प्लास्टिक बैग 190 रुपये प्रति बैग के हिसाब से 47,500 रुपये में खरीदे गए। वहीं ट्रैक और रिंग साफ करने के लिए साधारण झाड़ू (Broom) 174 रुपये प्रति पीस और जूट की बोरियां 72.50 रुपये प्रति पीस के भाव से दिल्ली से मंगवाई गईं।
-वॉटर बॉटल और टीम बेंच: साइकिलिंग में खिलाड़ियों के लिए 200 पानी की बोतलें 1,450 रुपये प्रति बोतल की दर से 2.90 लाख रुपये में खरीदी गईं। वॉलीबॉल में बैठने के लिए 12 टीम बेंच 60,000 रुपये प्रति बेंच के हिसाब से 7.20 लाख रुपये में आईं।
-मार्किंग टेप और क्यू मास्टर: वॉलीबॉल की सफेद मार्किंग टेप 500 रुपये प्रति मीटर की दर से 300 मीटर के लिए 1.50 लाख रुपये भुगतान किए गए, जबकि खो-खो के 1,000 रोल मार्किंग टेप 750 रुपये प्रति रोल के हिसाब से 7.50 लाख रुपये में खरीदे गए। एथलेटिक्स में लाइन लगाने वाले 100 क्यू-मास्टर 17,500 रुपये प्रति पीस के भाव से 17.50 लाख रुपये में मंगवाए गए।
-करोड़ों के भारी-भरकम उपकरण: वॉलीबॉल के लिए महज एक ‘टाराफ्लेक्स फ्लोर सरफेस’ 82.60 लाख रुपये में खरीदा गया। कुश्ती के 4 मैट 25 लाख रुपये प्रति मैट के हिसाब से 1 करोड़ रुपये में आए। बॉक्सिंग के 4 रिंग (2 ट्रेनिंग और 2 कॉम्पिटिशन) पर 88 लाख रुपये और 160 ग्लव्स व 80 हेडगार्ड (22,500 रुपये प्रति पीस) पर 54 लाख रुपये फूंक दिए गए।
-कयाकिंग-केनौइंग में करोड़ों की बारिश: उदयपुर के फतेहसागर में हुए इस एक खेल के लिए 300 वर्ग मीटर की फ्लोटिंग जेटी 1.13 करोड़ रुपये (37,762 रुपये प्रति वर्ग मीटर), 4 रेस्क्यू बोट्स पर 1.29 करोड़ रुपये (30.89 लाख से 34.09 लाख प्रति बोट), 100 चप्पू (पैडल) पर 64.83 लाख रुपये (64,835 रुपये प्रति पैडल), 20 एर्गोमीटर पर 1.24 करोड़ रुपये से अधिक, और यहां तक कि रस्सी पर 9.70 लाख रुपये तथा 1500 सामान्य बॉल्स पर 7.06 लाख रुपये (471 रुपये प्रति बॉल) खर्च कर दिए गए।
-स्विमिंग और बैडमिंटन के चौंकाने वाले बिल: तैराकी के 16 स्टार्टिंग ब्लॉक्स 86.01 लाख रुपये (5.37 लाख प्रति पीस) और 16 बैकस्ट्रोक लेज 62.64 लाख रुपये में खरीदे गए। बैडमिंटन के 8 जोड़ी नेट पोस्ट पर 30 लाख रुपये (3.75 लाख प्रति जोड़ी) और 6 सिंथेटिक कोर्ट पर 36 लाख रुपये खर्च हुए। एथलेटिक्स में भाले (Javelin) 2.32 लाख से 2.50 लाख रुपये प्रति भाला के भाव से खरीदे गए।
सबसे बड़ा सवाल इन उपकरणों की खरीद के समय और उनके भविष्य को लेकर भी है। कयाकिंग-केनौइंग के 4.67 करोड़ रुपये के उपकरणों के लिए टेंडर 7 नवंबर 2025 को निकला, वर्क ऑर्डर नवंबर के मध्य में जारी हुआ और 7 दिन में सप्लाई के आदेश दिए गए, जबकि 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहमति खेल शुरू होने के तीन दिन बाद 27 नवंबर को जारी हुई। आखिरी वक्त की इस आपाधापी में गुणवत्ता की जांच कैसे हुई होगी, यह समझना मुश्किल नहीं है। और अब जब 10-12 दिन का यह तमाशा खत्म हो चुका है, तो करोड़ों रुपये के ये फ्लोटिंग जेटी, रेस्क्यू बोट्स, 82 लाख का फ्लोर और करोड़ों के मैट कहां धूल फांक रहे हैं? क्या इनका कोई स्थायी लाभ प्रदेश के आम खिलाड़ियों को मिल रहा है, या फिर ये भी सरकारी गोदामों की शोभा बनकर सड़ने के लिए छोड़ दिए गए हैं?
आमजन और खिलाड़ियों को क्या मिला? 218 खिलाड़ियों पर फूंके 122 करोड़, अनुदान में की भारी कटौती:-
किसी भी बड़े खेल आयोजन की असली कसौटी यह होती है कि उससे मेजबान राज्य के खिलाड़ियों, युवाओं और आम जनता को क्या ठोस लाभ मिला। लेकिन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 के आधिकारिक आंकड़े इस मोर्चे पर सरकार और खेल विभाग के तमाम दावों की धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं।
दस्तावेजों के मुताबिक, राजस्थान के सात संभागों—जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर—में आयोजित इन खेलों में पूरे राजस्थान के 21 विश्वविद्यालयों से महज 218 खिलाड़ियों (66 महिला और 152 पुरुष) ने ही हिस्सा लिया। प्रदेश के विश्वविद्यालयों की भागीदारी का आलम यह था कि राजस्थान विश्वविद्यालय से 45, श्री जेजेटी यूनिवर्सिटी झुंझुनू से 33, कोटा विश्वविद्यालय से 31, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय बीकानेर से 26, शेखावाटी विश्वविद्यालय से 21, मणिपाल यूनिवर्सिटी से 20 और मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से 12 खिलाड़ी ही मैदान में उतरे। बाकी 14 विश्वविद्यालयों की भागीदारी तो महज खानापूर्ति थी—कई विश्वविद्यालयों से तो मात्र 1 से 3 खिलाड़ी ही शामिल हो सके।
इन 218 खिलाड़ियों ने अपने दमखम पर राजस्थान की झोली में कुल 34 पदक (9 स्वर्ण, 13 रजत और 12 कांस्य) डाले। अब जरा 122 करोड़ रुपये के इस महाखर्च का सीधा गणित समझिए। यदि राजस्थान के दृष्टिकोण से देखा जाए, तो प्रदेश के मात्र 218 प्रतिभागी खिलाड़ियों के अनुपात में इस आयोजन पर प्रति खिलाड़ी औसतन लगभग 56 लाख रुपये खर्च हुए। और यदि जीते गए 34 पदकों से तुलना की जाए, तो राजस्थान को एक पदक की कीमत करीब 3.58 करोड़ रुपये पड़ी!
विडंबना की पराकाष्ठा देखिए कि जिस आयोजन में प्रति पदक साढ़े तीन करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च बैठता हो, उसमें पसीना बहाकर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को इस योजना के तहत एक रुपये की भी नकद पुरस्कार राशि या छात्रवृत्ति नहीं मिली। विभाग ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में चयनित होने या पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति या पुरस्कार राशि देने का कोई प्रावधान ही नहीं है। यानी करोड़ों रुपये के ठेके बाहरी कंपनियों, इवेंट मैनेजरों और सप्लायरों के खातों में चले गए, और जिन खिलाड़ियों के कंधों पर चढ़कर यह पूरा आयोजन रचा गया, उनके हाथ खाली रह गए।
इससे भी अधिक दर्दनाक तस्वीर प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलने वाले नियमित सरकारी अनुदान की है। राजस्थान क्रीड़ा सहायता अनुदान नियम, 2022 के तहत राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों पर मिलने वाली सहायता राशि के आंकड़े सरकार की प्राथमिकताओं की पोल खोलते हैं। दस्तावेजों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में प्रदेश के 1,738 खिलाड़ियों को 37.22 करोड़ रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई थी। लेकिन ठीक अगले ही साल यानी वर्ष 2025-26 में—जिस वर्ष 10-12 दिन के एक इवेंट पर 122 करोड़ रुपये लुटा दिए गए—राज्य के खिलाड़ियों का अनुदान भारी कटौती के साथ सिमटकर मात्र 545 खिलाड़ियों और महज 7.17 करोड़ रुपये पर आ गया। यानी एक तरफ खिलाड़ियों को मिलने वाली सीधी आर्थिक मदद में 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कैंची चला दी गई, और दूसरी तरफ विभाग ने यह भी साफ कर दिया है कि खिलाड़ियों को दी जाने वाली नकद प्रोत्साहन राशि बढ़ाने का कोई प्रस्ताव फिलहाल विचाराधीन नहीं है।
सवा सौ करोड़ के धुएं में दबे सुलगते सवाल:-
तमाम सरकारी दस्तावेजों, खरीद आदेशों और वित्तीय आंकड़ों का निचोड़ एक ही कड़वी सच्चाई की ओर इशारा करता है कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 का यह पूरा आयोजन प्रदेश के खेल ढांचे को मजबूत करने या खिलाड़ियों का भविष्य संवारने के बजाय महज 10 दिनों की चकाचौंध और भारी-भरकम बजट खपाने का जरिया बनकर रह गया। जब प्रदेश के गांवों और कस्बों के खिलाड़ी आज भी खेल मैदान, ट्रैक, कोच और बुनियादी डाइट व प्रोत्साहन राशि के लिए तरस रहे हैं, तब 122 करोड़ रुपये को बिना किसी खेलवार हिसाब के एक अस्थायी आयोजन में स्वाहा कर देना जनधन के साथ किसी क्रूर मजाक से कम नहीं है। 80 करोड़ के शुरुआती बजट का 122 करोड़ तक पहुंचना, दिल्ली-लखनऊ की फर्मों को करोड़ों के वर्क ऑर्डर मिलना, एक ही सीटी के दो अलग-अलग दाम चुकाना, खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि से महरूम रखना और नियमित खेल अनुदान में भारी कटौती करना—ये तमाम तथ्य एक उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। प्रदेश की जनता और खिलाड़ी आज यही जवाब मांग रहे हैं कि आखिर 10 दिन में फूंके गए इन 122 करोड़ रुपयों का पाई-पाई हिसाब कौन देगा, और इस कथित बंदरबांट के असली जिम्मेदार चेहरों पर कार्रवाई कब होगी?
ब्यूरो रिपोर्ट, Expose Now