जवाहर नगर थाना पुलिस का खुलासा; दो स्कूटी और वेन्यू कार जब्त, सोने की चेन- अंगूठी सहित लूटा माल बरामद
जयपुर। जवाहर नगर थाना इलाके की सिंधी कॉलोनी स्थित साईंकृपा अपार्टमेंट में बैंक मैनेजर को लिफ्ट के अंदर पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर की गई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों रोनित यादव, तनिष्क राय और रवि प्रकाश को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो स्कूटी और एक हुंडई वेन्यू कार बरामद की गई है। पुलिस ने लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को पीड़ित बैंक मैनेजर जिम से लौटकर अपने अपार्टमेंट पहुंचे थे। वह लिफ्ट में सवार हुए, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। लिफ्ट में बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर उन्हें धमकाया और उनके साथ मारपीट कर सोने की चेन, अंगूठी सहित अन्य सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
200 कैमरों की फुटेज खंगाली, 600 किमी तक पीछा
वारदात की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरला यादव ने पुलिस टीम को आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। टीम ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के संभावित रूट तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सहायता और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले।
जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद अलग-अलग वाहनों का इस्तेमाल कर जयपुर से बाहर निकल गए थे। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया। जवाहर नगर थाने के कांस्टेबल धर्मपाल और अशोक ने आरोपियों का करीब 600 किलोमीटर तक पीछा किया और आखिरकार उत्तराखंड पहुंचकर उन्हें दबोच लिया।
पहले से रची थी लूट की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बैंक मैनेजर की गतिविधियों पर नजर रखकर वारदात की योजना बनाई थी। आरोपियों को पता था कि पीड़ित जिम से वापस अपने फ्लैट पर आते हैं। इसी के चलते बदमाशों ने अपार्टमेंट में लिफ्ट के आसपास निगरानी रखी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। जैसे ही पीड़ित जिम से लौटते वक्त अपनी लिफ्ट में घुसा। बदमाश भी नकाब पहनकर लिफ्ट में घुस गए। अनजान समझकर पीड़ित नवीन कुमार ने बदमाशों से पूछा किसके पास जाना है। बदमाशों ने कहा चौथी मंजिल पर अमित कुमार से मिलना है। लेकिन अमित कुमार नाम का कोई भी युवक बिल्डिंग में नहीं रहता था वैसे में बैंक मैनेजर नवीन ने उन्हें मना कर दिया। चीकू उसे वक्त बदमाशों ने पिस्तौल तानकर पेड़ से होने की चेन सोने की अंगूठी और सोने का कड़ा लूट लिया। पुलिस के मुताबिक, रोनित यादव, तनिष्क राय और रवि प्रकाश ने मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल वाहन और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान के संबंध में भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
थाना प्रभारी सरला यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और फील्ड इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। करीब 600 किलोमीटर तक पीछा कर उत्तराखंड से गिरफ्तारी को पुलिस टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा उनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में फरार अन्य संदिग्धों की भी तलाश जारी है।
