खैरथल-तिजारा में म्यूटेशन खोलने के नाम पर 5 हजार की घूस लेते महिला पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

खैरथल-तिजारा। राजस्थान में भ्रष्ट लोक सेवकों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसीबी की टीम ने खैरथल-तिजारा जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए महिला पटवारी आशा कुमारी को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है। आरोपी पटवारी ने यह रिश्वत जमीन का म्यूटेशन (नामांतरण) खोलने की एवज में मांगी थी।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका जमीन से जुड़ा म्यूटेशन का काम अटका हुआ है। इस काम को पूरा करने की एवज में पटवारी आशा कुमारी द्वारा 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।

सत्यापन के दौरान ले चुकी थी 10 हजार रुपये शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन (Verification) किया। सत्यापन के दौरान यह पुष्टि हुई कि पटवारी आशा कुमारी वास्तव में घूस मांग रही है। इसी सत्यापन प्रक्रिया के दौरान ही आरोपी पटवारी ने परिवादी से 10,000 रुपये की राशि बतौर रिश्वत पहले ही ले ली थी।

5000 की शेष राशि लेते हुई गिरफ्तार

रिश्वत की शेष राशि लेने के लिए जैसे ही परिवादी ने पटवारी आशा कुमारी को 5,000 रुपये दिए, पहले से जाल बिछाए बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। हाथ धुलवाए जाने पर रिश्वत के रंग से पटवारी के हाथ रंगे हुए पाए गए।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस पूरी ट्रैप की कार्रवाई को एसीबी के डीएसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। यह ऑपरेशन एसीबी के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में किया गया।

फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी महिला पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसीबी की टीम अब आरोपी पटवारी के आवास और अन्य ठिकानों की भी तलाशी ले सकती है।

Share This Article
Leave a Comment