एसीबी की बड़ी कार्रवाई: कोटा में 1.55 लाख की संदिग्ध नकदी के साथ बीडीओ रामविलास मीणा के खिलाफ केस दर्ज

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति कोटड़ी, जिला भीलवाड़ा के विकास अधिकारी (BDO) श्री रामविलास मीणा के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है । यह कार्रवाई एसीबी कोटा की टीम द्वारा 10 मार्च 2026 को रात के समय कोटा-चित्तौड़गढ़ रोड पर स्थित हैंगिंग ब्रिज टोल नाके पर की गई । एसीबी को गोपनीय सूचना मिली थी कि रामविलास मीणा, जिन्हें पदस्थापन की प्रतीक्षा (APO) में रखा गया था, पिछली तारीखों में ठेकेदारों के बिल पास कर अवैध रूप से वसूली गई राशि लेकर अपनी कार से कोटा आ रहे हैं

जांच के दौरान जब एसीबी टीम ने टोल पर उनकी मारुति स्विफ्ट कार को रुकवाकर तलाशी ली, तो गाड़ी के डैशबोर्ड और अन्य जगहों से कुल ₹1,55,275 बरामद किए गए । पूछताछ के दौरान संदिग्ध अधिकारी बरामद राशि के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और उनके बयानों में काफी विरोधाभास पाया गया । उन्होंने पहले इस राशि को एक प्रधान से उधार लेना बताया, लेकिन बाद में बयान बदलकर किसी अन्य व्यक्ति से उधार लेने की बात कही, जिसकी पुष्टि टेलीफोनिक वार्ता के दौरान नहीं हो सकी

एसीबी ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(b) और 13(2) के तहत प्राथमिकी (FIR No. 0109/2026) दर्ज की है । रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी के कोटा स्थित आवास की भी तलाशी ली गई है और मामले के विस्तृत अनुसंधान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है । पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई है जिसे साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है

Share This Article
Leave a Comment