बालोतरा। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का एक्शन लगातार जारी है। ताजा मामले में बाड़मेर एसीबी की टीम ने बालोतरा जिले के गुड़ामालानी उपखंड में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए राजस्व निरीक्षक (Revenue Inspector) नारायण राम को 20 हजार 500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यह घूस किसान की जमीन की नेखमबंदी (सीमांकन) करने की एवज में मांगी थी।
सत्यापन के दौरान भी वसूले थे 4 हजार रुपये
एसीबी बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नरेंद्र कुमार अणखिया ने बताया कि एक परिवादी ने ब्यूरो को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि नया नगर के रेवेन्यू इंस्पेक्टर नारायण राम द्वारा उसकी कृषि भूमि के सीमांकन (लेखमबंदी) का कार्य करने के बदले में रिश्वत के रुपयों की मांग की जा रही है।
एसीबी की टीम ने शिकायत मिलने के बाद बेहद गोपनीय तरीके से इसका सत्यापन (Verification) कराया। सत्यापन के दौरान ही आरोपी इंस्पेक्टर ने परिवादी से 4,000 रुपये नकद ले लिए थे और शेष राशि काम के वक्त देने की बात तय हुई थी।
खडाली गांव में बिछाया गया जाल
योजना के मुताबिक, एसीबी की टीम ने खडाली गांव में ट्रैप की व्यूहरचना तैयार की। जैसे ही परिवादी ने आरोपी रेवेन्यू इंस्पेक्टर नारायण राम को बाकी बचे 20,500 रुपये थमाए, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घूस के रुपयों पर लगे खास केमिकल ने आरोपी के हाथ पीले कर दिए।
राजस्व विभाग के बड़े कर्मचारी के ट्रैप होने की सूचना जैसे ही क्षेत्र में फैली, वहां हड़कंप मच गया और मौके पर तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस थाने में चल रही है पूछताछ
कार्रवाई के तुरंत बाद एसीबी की टीम आरोपी को लेकर गुड़ामालानी पुलिस थाने पहुंची, जहां उससे बंद कमरे में गहन पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी के घर और अन्य ठिकानों पर भी एसीबी की अलग-अलग टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
रिश्वतखोरों को बख्शा नहीं जाएगा: एएसपी इस पूरी कार्रवाई को लीड करने वाले एएसपी नरेंद्र कुमार अणखिया ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ ब्यूरो का अभियान सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी आपके किसी भी जायज काम के बदले घूस मांगता है, तो बेझिझक ACB के टोल-फ्री नंबर पर इसकी सूचना दें, आरोपी को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।