सिरोही के रेवदर में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने जड़ा स्कूल पर ताला, भजन-कीर्तन कर जताया अनोखा विरोध

रेवदर (सिरोही): सिरोही जिले के रेवदर उपखंड क्षेत्र के उड़वारिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्रों और ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। बुनियादी शिक्षा व्यवस्थाओं से नाराज छात्रों ने सुबह-सुबह स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान छात्रों ने अनूठा प्रदर्शन करते हुए तंदूरा, ढोलक और मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन किए और जमकर विरोध जताया।

418 विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट, अंग्रेजी का एक भी शिक्षक नहीं

ग्रामीणों ने बताया कि इस स्कूल में वर्तमान में 418 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन स्कूल में शिक्षकों के 22 स्वीकृत पदों में से 10 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को अंग्रेजी पढ़ाने के लिए स्कूल में एक भी शिक्षक उपलब्ध नहीं है। इससे बच्चों की पढ़ाई और बोर्ड कक्षाओं के परिणामों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।

भजन-कीर्तन कर जताया विरोध

सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ही छात्र-छात्राएं स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रशासनिक और विभागीय उपेक्षा से नाराज छात्रों ने ढोलक-मंजीरे के साथ भजन गाकर और झूमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों के इस अनोखे प्रदर्शन का संदेश बिल्कुल साफ था कि यदि स्कूलों में पढ़ाने के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं होंगे, तो बच्चों को किताबों की जगह मजबूरी में भजन-कीर्तन ही करने पड़ेंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

अधिकारियों के आश्वासन पर शांत हुआ मामला

हंगामे और तालाबंदी की सूचना मिलते ही एसीबीईओ (ACBEEO) राजेंद्र वर्मा और आरपी (RP) मुकेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने ज्ञापन में रखी गई मांगों—जैसे शिक्षकों की कमी दूर करना, लेवल-2 शिक्षक का डेपुटेशन रद्द करना और राउप्रावि रेबारियों का गोलुआ के शारीरिक शिक्षक को पुनः स्कूल में लगवाने पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

व्याख्याता का किया गया डेपुटेशन

छात्रों की परेशानी को देखते हुए डीईईओ (DEEO) ने तंवरी स्कूल में कार्यरत व्याख्याता अश्विनी सुथार को उड़वारिया स्कूल में डेपुटेशन पर भेजने के आदेश जारी किए हैं। तय व्यवस्था के अनुसार, वे 24 से 31 अगस्त तक अपनी सेवाएं देंगी तथा अगले महीने से प्रत्येक माह 15 दिन उड़वारिया स्कूल में डेपुटेशन पर रहेंगी। अधिकारियों के ठोस आश्वासन और तत्काल शिक्षक उपलब्ध कराने की कार्रवाई के बाद आखिरकार विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ और स्कूल का ताला खोला गया।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment