तखतगढ़ में चाइनीज मांझे ने रेता युवक का गला, अस्पताल में लगे 12 टांके

तखतगढ़ (सुमेरपुर), मकर संक्रांति का पर्व बुधवार को एक युवक के लिए काल बन गया। तखतगढ़ नगर के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल (महावीर बस्ती मार्ग) पर स्कूटी सवार एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया, जिससे उसका गला गंभीर रूप से कट गया। घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी जान बाल-बाल बची।

स्कूटी पर जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, महावीर बस्ती निवासी विक्रम (पुत्र सोहनलाल जीनगर) अपनी स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। रास्ते में अचानक सड़क पर पसरी चाइनीज मांझे की डोर उनके गले में फंस गई। स्कूटी की गति के कारण डोर ने उनके गले को गहरे तक काट दिया, जिससे विक्रम लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

राहगीर की तत्परता ने बचाई जान

हादसे के समय मौके से गुजर रहे कल्पेश देवासी ने मानवता दिखाते हुए तुरंत अपनी बाइक पर घायल विक्रम को बैठाया और तखतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने से विक्रम का उपचार शुरू हो सका। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घाव की गंभीरता को देखते हुए गले में करीब 12 टांके लगाए हैं। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल युवक की हालत स्थिर है।

प्रशासन की सख्ती पर उठ रहे सवाल

गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले ही गोगरा विद्यालय के एक शिक्षक के साथ भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। लगातार हो रहे इन हादसों के बावजूद बाजार में धड़ल्ले से बिक रहे चाइनीज मांझे ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

आमजन की मांग: स्थानीय लोगों ने उपखंड प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि केवल कागजों पर प्रतिबंध के बजाय धरातल पर दुकानों की तलाशी ली जाए और चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ ‘हत्या के प्रयास’ जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज हो।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!