राजस्थान में राशन वितरण के 63 करोड़ के प्रोजेक्ट में महाघोटाला, 6780 आइरिस स्कैनर गायब और 20 करोड़ का फर्जी भुगतान!

जयपुर: राजस्थान की राशन दुकानों पर वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने और आम जनता को पूरा राशन सुनिश्चित करने के लिए शुरू किए गए 63 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट में बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं। इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और आइरिस स्कैनर लगाने के इस ठेके में कंपनियों के चयन से लेकर मशीनों की आपूर्ति और भुगतान तक, हर स्तर पर नियमों को ताक पर रखा गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जांच रिपोर्ट में यह पूरा मामला उजागर हुआ है, जिसके बाद अब दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

6780 आइरिस स्कैनर का सरकारी रिकॉर्ड में नहीं मिला हिसाब

इस टेंडर में बालाजी इन्फोल्यूब ने एसआरआईटी इंडिया के साथ और कॉम्पेक्ट कम्प्यूटर एंड पेरिफेरल्स ने कॉफोर्ज के साथ मिलकर हिस्सा लिया था। कंपनियों के पोर्टल पर 24 अप्रैल 2026 तक कुल 26,863 आइरिस मशीनें डिलीवर, इंस्टॉल और पीओएस (POS) से जुड़ी हुई दिखाई गईं। लेकिन जब विभाग ने सरकारी आधार ऑथेंटिकेशन एमआईएस (MIS) से इनका मिलान किया, तो वहां केवल 20,083 मशीनें ही दर्ज मिलीं। इस तरह सीधे तौर पर 6780 मशीनों का बड़ा अंतर सामने आया है। जांच समिति ने इसमें फर्जी आपूर्ति की आशंका जताते हुए इसे गंभीर अनियमितता माना है।

मशीनें जुड़ने से पहले ही कर दिया 18.84 करोड़ का भुगतान

अनुबंध की शर्तों के अनुसार, 30 प्रतिशत भुगतान तभी किया जाना था जब उपकरण राशन दुकानों पर पीओएस मशीनों से जुड़ जाएं और उनका संचालन संतोषजनक पाया जाए। जांच में खुलासा हुआ कि मशीनों का पीओएस से एकीकरण फरवरी 2026 में हुआ, जबकि कंपनियों को इससे पहले ही 18 करोड़ 84 लाख 8 हजार 259 रुपए का भुगतान कर दिया गया। इसके अलावा, अनुबंध की शेष 10 प्रतिशत राशि जरूरी दस्तावेज जमा कराने पर तीन साल तक 12 किस्तों में दी जानी थी, लेकिन बिना किसी जरूरी रिपोर्ट के ही रखरखाव के नाम पर 1 करोड़ 54 लाख 49 हजार 400 रुपए जारी कर दिए गए।

ठेका मशीनों का, लेकिन शर्तें सॉफ्टवेयर और कॉल सेंटर की

जांच रिपोर्ट में निविदा की शर्तों पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। करीब 63 करोड़ रुपए के इस ठेके में भाग लेने के लिए 420 करोड़ रुपए के सालाना टर्नओवर की शर्त रखी गई थी। हैरानी की बात यह है कि मशीनों की आपूर्ति के इस काम में मशीनों के क्षेत्र का अनुभव अनिवार्य नहीं रखा गया, बल्कि इसकी जगह सॉफ्टवेयर, आईटी प्रोजेक्ट, पीओएस मशीन और कॉल सेंटर का अनुभव मांगा गया। जांच समिति ने आशंका जताई है कि निविदा की शर्तें चुनिंदा कंपनियों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार की गई थीं।

नियमों की अनदेखी और बैंक गारंटी में भी दी गई गलत छूट

जांच में यह भी सामने आया कि वजन मशीनों की आपूर्ति और मरम्मत के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं थे। विधिक माप विज्ञान के नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना अनुमति सत्यापन सील तोड़ी गई और मशीनों का कैलिब्रेशन (सही वजन सुनिश्चित करने की प्रक्रिया) भी नहीं कराया गया। इतना ही नहीं, अनुबंधित कंपनियों से कुल राशि की 5 प्रतिशत परफॉर्मेंस सिक्योरिटी (बैंक गारंटी) ली जानी थी, लेकिन एमएसएमई (MSME) के नाम पर छूट देते हुए केवल 1 प्रतिशत गारंटी ही ली गई। समिति के अनुसार कंसोर्टियम के पार्टनर इस छूट के पात्र ही नहीं थे।

दोषी कंपनियों और अधिकारियों पर गिरेगी गाज: खाद्य मंत्री

मामले के खुलासे के बाद खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने सख्त कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि कंपनियों ने निर्धारित शर्तें पूरी नहीं कीं और इसके बावजूद बिना सत्यापन के भुगतान कर दिया गया। इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित कंपनी के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी पाए जाने पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment