झालावाड़: PHED का SE ‘iPhone 16 Pro’ की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, ठिकानों से निकला कुबेर का खजाना

2 Min Read

झालावाड़, राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने झालावाड़ में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधीक्षण अभियंता (SE) विष्णु चंद्र गोयल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी इंजीनियर एक ठेकेदार से 84,000 रुपये की कीमत वाला iPhone 16 Pro रिश्वत में ले रहा था। गिरफ्तारी के बाद जब एसीबी ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की, तो करोड़ों की काली कमाई और बेनामी संपत्तियों का खुलासा हुआ।

धमकी देकर मांगा था ‘आईफोन 16 प्रो’

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी झालावाड़ में हैंडपंप रिपेयर और पाइपलाइन लीकेज का काम करता है। आरोपी एसई विष्णु गोयल उसे काम से हटाने और ब्लैकलिस्ट करने की धमकी देकर अगस्त महीने से ही आईफोन की मांग कर रहे थे। वे ठेकेदार के बकाया बिल पास करने की एवज में लग्जरी फोन की जिद पर अड़े थे। शुक्रवार को जैसे ही परिवादी कार्यालय में आईफोन देने पहुंचा, एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया।

तलाशी में मिला संपत्ति का अंबार

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने जब आरोपी के ठिकानों की तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। अब तक की जांच में निम्नलिखित संपत्तियां और नकदी बरामद हुई है:

  • नकदी: 4.8 लाख रुपये नकद।
  • कीमती धातु: लगभग 7.7 किलोग्राम चांदी और 62 ग्राम सोने के आभूषण।
  • प्लॉट: जयपुर में 5 कीमती प्लॉट और जोधपुर में 1 प्लॉट के दस्तावेज।
  • आलीशान मकान: कोटा में एक भव्य बंगला।

25 हजार पहले भी लिए, अब DA केस की तैयारी

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठेकेदार से 25 हजार रुपये वसूल चुका था। वह लगातार बिलों में कमियां निकालकर ठेकेदार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में टीम अभी भी आरोपी से पूछताछ कर रही है। इतनी अधिक बेनामी संपत्ति मिलने के बाद अब आरोपी के खिलाफ ‘आय से अधिक संपत्ति’ (Disproportionate Assets) का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!