Expose Now Special: राजस्थान हैंडबॉल में ‘परिवारवाद’ और फर्जीवाड़े का खुलासा: 70 गोल दागने वाले बाहर, बिना खेले ही RPSC और वन विभाग में लग गई नौकरी

जयपुर: राजस्थान में खेल कोटे के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने में एक बड़ा और चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। मामला वर्ष 2021 में इंदौर में आयोजित हुई हैंडबॉल नेशनल चैंपियनशिप से जुड़ा है, जहां राजस्थान की 16 सदस्यीय स्टेट टीम में चुने गए 4 खिलाड़ी एक भी मैच खेले बिना ही आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी पाने में कामयाब हो गए। आरोप है कि राजस्थान टीम के कोच और मैनेजर ने कागजों में इन खिलाड़ियों का नाम रखा, लेकिन मैदान पर इनकी जगह ऐसे खिलाड़ियों को उतार दिया जिनका टीम में चयन ही नहीं हुआ था।

कोर्ट के आदेश पर ज्योति नगर थाना पुलिस कर रही जांच

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब रामावतार चौधरी ने न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट, जयपुर महानगर प्रथम के समक्ष यह गंभीर आरोप लगाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर सिविल न्यायाधीश सौरभ बंसल ने बीएनएसएस (BNSS) की धारा 225 के तहत जांच के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने ज्योति नगर थानाधिकारी को इस प्रकरण की जांच कर 28 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट पेश करने को कहा है। शुरुआती रिपोर्ट में यह बात भी सामने आई है कि राजस्थान हैंडबॉल पर एक ही परिवार का कब्जा होने के कारण इस तरह का फर्जीवाड़ा संभव हो पाया।

मैदान पर खेले कोई और, मलाई खा गए कोई और

जानकारी के अनुसार, टूर्नामेंट में चयनित होने के बावजूद जिन 4 खिलाड़ियों ने एक भी मैच नहीं खेला, उनमें सूरज प्रताप सिंह, अश्लेष कुमार पंवार, शुभम सिंह हाडा और बिलाल मोहम्मद के नाम शामिल हैं। दूसरी ओर, इनकी जगह जिन 4 खिलाड़ियों—आशीष, विकास, अरुण और सुमित—को मैदान पर उतारा गया, उनका टीम में चयन ही नहीं हुआ था। हैरानी की बात यह है कि इन्हीं चार अन-सिलेक्टेड खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में टीम के कुल 132 में से 70 गोल दागे थे।

इन विभागों में मिली आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी

बिना मैच खेले ही इन चारों खिलाड़ियों को राजस्थान के प्रतिष्ठित सरकारी विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्तियां मिल गईं:

  • सूरज प्रताप सिंह और अश्लेष कुमार पंवार: दोनों को राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में आउट ऑफ टर्न क्लर्क की नौकरी मिली।
  • बिलाल मोहम्मद: इन्हें राजस्थान आबकारी विभाग में एक्साइज गार्ड के पद पर नियुक्ति मिली।
  • शुभम सिंह हाडा: इनका चयन राजस्थान वन विभाग में वनपाल के पद के लिए हुआ था।

फेडरेशन और स्पोर्ट्स काउंसिल का क्या है पक्ष?

इस मामले में हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया का कहना है कि यदि मामला काउंसिल के सामने आता है, तो इसकी विधिवत जांच की जाएगी।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment