जयपुर। राजस्थान को ग्रीन एनर्जी हब बनाने और राज्य की विद्युत व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में ऊर्जा विभाग ने कवायद तेज कर दी है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को जयपुर स्थित विद्युत भवन में एक उच्च स्तरीय बैठक कर प्रदेश में स्थापित की जा रही 6000 मेगावाट आवर (MWh) क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS) परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम, एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम तथा चयनित बीईएसएस डेवलपर्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
दिसंबर 2026 से नवंबर 2027 के बीच पूरी होंगी परियोजनाएं
समीक्षा के दौरान ऊर्जा मंत्री ने परियोजनाओं की समय-सीमा, निर्माण गतिविधियों, भूमि उपलब्धता, ग्रिड कनेक्टिविटी और आवश्यक स्वीकृतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य की सभी बीईएसएस परियोजनाएं 29 दिसंबर 2026 से 7 नवंबर 2027 के मध्य अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाएं।

ऊर्जा मंत्री ने सभी डेवलपर्स को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि काम के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार पूरा समन्वय और सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने उत्पादन निगम के अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की कड़ी मॉनिटरिंग करने तथा ऊर्जा विकास एवं प्रसारण निगम के साथ आपसी तालमेल बैठाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गिरल और सूरतगढ़ प्रोजेक्ट को प्राथमिकता
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने विशेष रूप से जेएसडब्ल्यू (JSW) द्वारा गिरल और सूरतगढ़ में स्थापित की जा रही 250 मेगावाट आवर क्षमता की परियोजनाओं को दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
6000 MWh परियोजनाओं का चरणबद्ध ढांचा और सस्ती दरें
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि केंद्र सरकार की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) के तहत दिए गए लक्ष्यों को पूरा करने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्यादेश जारी किए गए हैं:
- स्टेट कम्पोनेंट: 1000 मेगावाट-आवर (2 आवर 2 साइकल)
- सेंट्रल कम्पोनेंट: 1000 मेगावाट-आवर (2 आवर 2 साइकल)
- पीएसडीएफ (PSDF) स्कीम: 2000 मेगावाट-आवर (2 आवर 2 साइकल) तथा 2000 मेगावाट-आवर (4 आवर 1 साइकल)
इन परियोजनाओं के लिए राजस्थान को देश में उस समय की न्यूनतम दर 1.77 लाख रुपए से 2.85 लाख रुपए प्रति मेगावाट प्रति माह प्राप्त हुई है। इनके स्थापित होने से राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण और ग्रिड स्थिरता को मजबूती मिलेगी, साथ ही पीक डिमांड के समय आमजन को सस्ती बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
बैठक में प्रमुख अधिकारी और डेवलपर्स रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रोहित गुप्ता, राजस्थान ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध निदेशक शिव प्रसाद नकाते, ऊर्जा सलाहकार नवीन अरोड़ा, राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक देवेंद्र श्रृंगी सहित विद्युत निगमों के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।