राजस्थान में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि राज्य में घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है। बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि आम उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण उत्पन्न भ्रम को दूर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

कालाबाजारी पर कड़ा प्रहार और कंट्रोल रूम की स्थापना:

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इसके प्रभावी प्रबंधन के लिए राज्य और जिला स्तर पर विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिक आपूर्ति की महत्ता को देखते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सभी कार्मिकों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं।

अफवाह फैलाने वालों की अब खैर नहीं:

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अपील की कि प्रदेशवासी सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर चल रही भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय स्थितियों पर नजर बनाए हुए है और प्रदेश में आपूर्ति चैन पूरी तरह सुरक्षित है। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए आमजन हेल्पलाइन नंबर 181 और 112 का उपयोग कर सकते हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बताया कि तेल कंपनियों के साथ समन्वय के लिए संयुक्त टीमें गठित की गई हैं और डीएसी प्रमाणीकरण के माध्यम से पारदर्शी वितरण किया जा रहा है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment