PHED में अब तक का सबसे बड़ा धमाका: JJM घोटाले में 9 इंजीनियर्स हिरासत में, रिटायर्ड IAS के ठिकानों पर ACB की रेड

Ravindar Kumar
3 Min Read

जयपुर: राजस्थान के जलदाय विभाग (PHED) में जल जीवन मिशन (JJM) भ्रष्टाचार मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आज तड़के एक साथ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीमों ने जयपुर, उदयपुर, बाड़मेर सहित दिल्ली, झारखंड और बिहार में कुल 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई के दौरान विभाग के 8 से 9 वरिष्ठ इंजीनियरों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे एसीबी मुख्यालय में पूछताछ की जा रही है।

तड़के 3 बजे शुरू हुआ एक्शन, IAS भी रडार पर

एसीबी ने इस ऑपरेशन को बेहद गोपनीय रखा और मंगलवार सुबह 3 से 4 बजे के बीच एक साथ सभी ठिकानों पर दबिश दी। सूत्रों के अनुसार, एसीबी ने रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल के ठिकानों पर भी बड़ी कार्रवाई की है। विभाग के कई वर्तमान और सेवानिवृत्त उच्चाधिकारियों के घर और कार्यालयों को खंगाला जा रहा है।

हिरासत में लिए गए प्रमुख अधिकारियों की सूची

एसीबी ने भ्रष्टाचार के इस जाल में शामिल निम्नलिखित बड़े अधिकारियों को हिरासत में लिया है:

  • के.डी. गुप्ता: मुख्य अभियंता (CE)
  • दिनेश गोयल: मुख्य अभियंता (CE)
  • दिलीप कुमार गौड़: रिटायर्ड मुख्य अभियंता (CE)
  • निरिल कुमार: अतिरिक्त मुख्य अभियंता (ACE)
  • शुभांशु दीक्षित: अतिरिक्त मुख्य अभियंता (ACE)
  • अरुण श्रीवास्तव: रिटायर्ड अतिरिक्त मुख्य अभियंता (ACE)
  • एम.पी. सोनी: रिटायर्ड अधीक्षण अभियंता (SE)
  • सुशील शर्मा: तत्कालीन वित्तीय सलाहकार (FA), जेजेएम
  • विशाल सक्सेना: सस्पेंड अधिशाषी अभियंता (XEN)

सैकड़ों करोड़ का फर्जीवाड़ा: इरकॉन के फर्जी सर्टिफिकेट का खेल

यह पूरा मामला जल जीवन मिशन के कार्यों में इरकॉन (IRCON) के फर्जी सर्टिफिकेट इस्तेमाल कर सैकड़ों करोड़ रुपये के कार्यादेश (Work Orders) हासिल करने से जुड़ा है। जांच में सामने आया है कि इन अधिकारियों ने फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद भी मामले को दबाए रखा और मिलीभगत कर फर्म को करोड़ों के कार्यादेश जारी कर दिए। इतना ही नहीं, फर्मों को फर्जी कार्यों का भुगतान भी मिलीभगत से कर दिया गया।

शीर्ष अधिकारी कर रहे हैं मॉनिटरिंग

इस व्यापक कार्रवाई का सुपरविजन डीजी एसीबी गोविन्द गुप्ता, एडीजी स्मृता श्रीवास्तव, डीआईजी रामेश्वर सिंह और एसपी पुष्पेन्द्र सिंह स्वयं कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में और भी कई लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *