जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के 299वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर जवाहर कला केंद्र में ‘लोकमंथन 2026’ के पंचम राष्ट्रीय संस्करण का भव्य ऐलान किया गया है। 4 से 6 दिसंबर तक चलने वाले लोक संस्कृति के इस महाकुंभ में भारतीय विरासत, कला और पारंपरिक ज्ञान को विश्व पटल पर एक नई पहचान मिलेगी।
‘Expose Now’ की मुहिम का बड़ा असर: सिलेबस में शामिल होगी हमारी संस्कृति

प्रेस वार्ता के दौरान Expose Now ने सीधे तौर पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी के सामने एक बेहद अहम मुद्दा उठाया। Expose Now ने सुझाव दिया कि राजस्थान की समृद्ध कला और संस्कृति को छोटी कक्षाओं से ही स्कूली सिलेबस में शामिल किया जाना चाहिए। इस महत्वपूर्ण सुझाव का स्वागत करते हुए डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा, “आपका सुझाव बहुत महत्वपूर्ण है। मैं भी मानती हूं कि बचपन से ही अगर अपनी संस्कृति को पढ़ा और समझा जाए, तो इससे भावी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का सीधा मौका मिलता है।” उन्होंने माना कि हमारी नई पीढ़ी पश्चिमी प्रभाव और औपनिवेशिक मानसिकता से प्रभावित रही है, लेकिन नई शिक्षा नीति और राज्य सरकार के प्रयासों से अब भारतीय संस्कृति और इतिहास को उचित स्थान मिल रहा है।
‘Gen-Z’ के नाम पर सत्ता अस्थिर करने का एजेंडा? जे. नंदकुमार का ‘Expose Now’ पर एक्सक्लूसिव खुलासा
कार्यक्रम के दौरान प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक एवं लोकमंथन स्वागत समिति के महासचिव जे. नंदकुमार ने Expose Now से खास बातचीत में एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी ‘Gen-Z’ या ‘Gen-Alpha’ सुनकर खुश होती है, लेकिन असल में उन्हें एक ‘पॉलिटिकल ब्रैकेटिंग’ (राजनीतिक खांचे) में डाल दिया गया है। इसका प्रयोग विश्व की लोकतांत्रिक सत्ताओं (Regime) को अस्थिर (Unsettle) करने के लिए एक टूल के रूप में किया जा रहा है।
उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा के आधार पर आयु वर्ग को स्पष्ट करते हुए कहा, “हमारी भाषा में नवजात को ‘शिशु’ कहते हैं। 10 से 12 वर्ष तक के बच्चे ‘बाल’ कहलाते हैं। 15 से 17 वर्ष तक ‘किशोर’, 18 से 25 वर्ष तक ‘तरुण’ और 26 से 35 वर्ष तक के लोगों को असल में ‘युवा’ कहा जाता है।”
8 हजार किलोमीटर की ‘लोक दर्शन यात्रा’ और 24 महासत्र
डिप्टी सीएम ने बताया कि लोकमंथन के संदेश को गांव-ढाणियों तक पहुंचाने के लिए 8000 किलोमीटर लंबी ‘लोक दर्शन यात्रा’ तीन चरणों में निकाली गई, जिसने प्रदेश के 41 जिलों को जोड़ा। 4 से 6 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा रोमा-यजीदी समुदायों के प्रतिनिधि भी इस महाकुंभ में हिस्सा लेंगे।