खड़े गणेशजी मंदिर हत्याकांड: बिना सहारे खड़े न हो सकने वाले को बताया मुख्य हमलावर, कोर्ट ने दोनों निर्दोषों को किया बरी

कोटा। शहर की आरकेपुरम थाना पुलिस की एक लापरवाह और संदिग्ध जांच की पोल अदालत में खुल गई है। करीब तीन साल पहले खड़े गणेशजी मंदिर परिसर में एक दिव्यांग भिखारी की हत्या के मामले को बंद करने की जल्दबाजी में पुलिस ने एक जन्मजात नेत्रहीन और एक दिव्यांग व्यक्ति को आरोपी बना दिया था। इस मामले में नेत्रहीन व्यक्ति को 9 महीने और दिव्यांग व्यक्ति को 27 महीने जेल की सजा काटनी पड़ी। अब जिला सत्र न्यायालय के न्यायाधीश सत्यनारायण व्यास ने पुलिस की कहानी को खारिज करते हुए दोनों आरोपियों को संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया है।

क्या था पूरा मामला?

28 दिसंबर 2023 को खड़े गणेशजी मंदिर के बाहर भीख मांगने वाला कल्ला जोगी उर्फ कल्लू लहूलुहान हालत में मृत मिला था, जिसके सिर पर गहरे घाव थे। पुलिस ने इस मामले में वहीं भीख मांगने वाले बंशीलाल उर्फ चड्डा और बृजमोहन बैरवा को आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट कहा कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में पूरी तरह विफल रहा कि दोनों आरोपियों ने कल्लू के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की थी।

कोर्ट ने पुलिस की जांच पर उठाए ये 4 बड़े सवाल

सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस की चार्जशीट, मौके की तस्दीक और सामान की जब्ती को पूरी तरह संदेहास्पद माना:

  • नेत्रहीन से करवाई मौके की तस्दीक: पुलिस ने चार्जशीट में दावा किया था कि बंशीलाल उर्फ चड्डा ने पुलिस को ले जाकर मंदिर के उस टिनशेड और शौचालय की तस्दीक करवाई, जहां हत्या हुई थी। जिरह में यह सवाल उठा कि बचपन से पूरी तरह नेत्रहीन व्यक्ति घटनास्थल की तस्दीक कैसे करवा सकता है। कोर्ट ने उसके पास से लाठी की बरामदगी को भी संदेहजनक माना।
  • खड़ा न हो सकने वाले को बताया मुख्य हमलावर: पुलिस ने दूसरे आरोपी बृजमोहन बैरवा को लाठी से पीटने वाला मुख्य हमलावर बताया था, जबकि वह बिना सहारे अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो सकता। कोर्ट ने यह भी माना कि मृतक के बैग में ऐसी कोई कीमती वस्तु नहीं थी, जिसकी लूट की जाए।
  • गवाह ने कोर्ट में रोते हुए बताई पुलिस की सच्चाई: पुलिस ने बंशी नाम के एक अन्य भिखारी को गवाह बनाया था। उसने कोर्ट में रोते हुए बताया कि उसने हत्या होते नहीं देखी, बल्कि पुलिस उसे जबरन उठाकर ले गई और 6 दिन तक थाने में बंद रखकर मारपीट की। डर के कारण उसने खाली कागजों पर हस्ताक्षर किए और आरोपियों के नाम भी पुलिस ने खुद बताए थे।
  • बरामदगी और सीसीटीवी फुटेज में झोल: पुलिस ने 3 जनवरी 2024 को बृजमोहन की गिरफ्तारी के समय उसके पास केवल पहने हुए कपड़े होने का दावा किया, लेकिन अगले ही दिन 4 जनवरी को उसके पास से मृतक का बैग बरामद दिखा दिया। इसकी न तो वीडियोग्राफी हुई और न ही कोई स्वतंत्र गवाह था। इसके अलावा, मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद जांच अधिकारी राजेश कुमार ने कोर्ट में फुटेज पेश नहीं किए।

बरी होने के बाद बंशीलाल ने सुनाई आपबीती

जेल से बाहर आने के बाद बंशीलाल ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं था। मृतक कल्लू उनके साथ सोया था और अगले दिन सुबह वे भीलवाड़ा चले गए थे। तीन दिन बाद लौटने पर पुलिस ने उन्हें यह कहकर थाने बुलाया कि उनकी मां ने गुमशुदगी दर्ज करवाई है। थाने में दो दिन तक उनके पैरों पर लठ मारे गए और बाल पकड़कर पीटा गया, जिससे डरकर उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। बंशीलाल ने बताया कि 9 महीने जेल में रहने के दौरान उनकी पत्नी और बच्चों को ससुराल में रहना पड़ा और उनकी बूढ़ी मां ने उन्हें छुड़ाने के लिए 50 हजार रुपए से अधिक का कर्ज लिया। उन्होंने कहा कि वे जन्म से अंधे हैं, भला किसी के सिर पर वार कैसे कर सकते थे। जेल में वे खूब रोते थे, लेकिन अदालत के फैसले के बाद उन्हें लगा कि भगवान है।

दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हाईकोर्ट में होगी अपील

इस मामले में एडवोकेट इमरान खान ने कहा कि बंशीलाल और बृजमोहन आज भले ही जेल से बाहर आ गए हों, लेकिन पुलिसिया अत्याचार के कारण उनके जीवन का जो कीमती समय बर्बाद हुआ और उनके परिवारों ने जो पीड़ा झेली, उसका हिसाब कौन देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जांच पूरी तरह गलत थी। अब कानून के तहत हाईकोर्ट में अपील कर गलत जांच करने वाले पुलिसकर्मियों को सजा दिलवाने और दोनों निर्दोषों को उचित हर्जाना दिलवाने की मांग की जाएगी।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment