खाटूधाम जाने वाले ध्यान दें! रींगस रोड ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित, एनएच-52 पर पार्क करनी होंगी गाड़ियां; देखिए नया रूट प्लान

सीकर (खाटूश्यामजी)। निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर सीकर के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा है। बाबा श्याम का दो दिवसीय निर्जला एकादशी मासिक मेला आज से आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। मेले के पहले दिन ही देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटूधाम पहुंचे हैं। भारी भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्य मेला ग्राउंड में कल देर रात से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और फिलहाल भक्तों को दर्शन करने में करीब 3 घंटे का समय लग रहा है।

सतरंगी फूलों और आम के पत्तों से हुआ बाबा का अलौकिक श्रृंगार

निर्जला एकादशी के इस विशेष अवसर पर बाबा श्याम का सतरंगी विदेशी फूलों से बेहद मनमोहक और आकर्षक श्रृंगार किया गया है। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार को हरियाली, ताजे आम के पत्तों और सुगंधित फूलों से विशेष रूप से सजाया गया है। रींगस से लेकर खाटूधाम तक पूरा रास्ता श्याम भक्तों से अटा पड़ा है। हाथों में सतरंगी निशान (ध्वज) थामे और बाबा के जयकारे लगाते हुए भक्त पैदल ही दरबाप की ओर बढ़ रहे हैं।

तोरण द्वार से बनाई गईं 14 कतारें, सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम

भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन के लिए तोरण द्वार, अस्पताल चौराहा और लामिया तिराहे से करीब 40 फीट चौड़ा रास्ता तैयार किया गया है। भक्तों को 14 अलग-अलग कतारों (Lines) में बांटकर व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल और तीसरी आंख का पहरा: श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि भक्तों के लिए बिजली, पानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। मेले की सुरक्षा में 1,000 निजी सुरक्षा गार्ड, 600 होमगार्ड और थानाधिकारी पवन चौबे के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता तैनात है। पूरे मेला क्षेत्र पर 400 सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही है।

ट्रैफिक एडवाइजरी: रींगस रोड पर ‘नो व्हीकल जोन’ लागू

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने खाटूश्यामजी आने-जाने वाले वाहनों के लिए सख्त रूट डायवर्जन लागू किया है, जो कल तक प्रभावी रहेगा:

  • नो व्हीकल जोन: रींगस से खाटूश्यामजी आने वाले मुख्य मार्ग को पूरी तरह से ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित कर दिया गया है। यहाँ सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी है।
  • यहाँ होगी पार्किंग: बाहर से आने वाले सभी वाहनों को ‘रींगस भैरुंजी मोड़’ से नेशनल हाईवे-52 (NH-52) की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को गाड़ियां वहीं पार्क करके आगे का सफर पैदल तय करना होगा।
  • निकासी का रास्ता: खाटूश्यामजी धाम से दर्शन कर रींगस की तरफ वापस लौटने वाले वाहनों के लिए ‘मढ़ा मोड़’ से एकतरफा रास्ता (One-Way) तय किया गया है, ताकि जाम की स्थिति न बने।

👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment