करौली में 9 महीने बाद जागी ‘जिला स्वास्थ्य समिति’, 3 घंटे की बैठक में सिर्फ 50 मिनट रुके DM; चिकित्सा अव्यवस्थाओं पर चुप्पी, ‘पॉलिटिक्स’ का दिया ज्ञान

By Admin

करौली जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक ‘स्वास्थ्य सेवाओं’ से ज्यादा ‘सियासी चर्चा’ और जिला कलेक्टर के बदले हुए तेवरों को लेकर सुर्खियों में रही। करीब 9 महीने के लंबे अंतराल के बाद (पिछली बैठक अप्रैल 2025 में हुई थी) जनवरी 2026 में आयोजित हुई इस समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर (DM) नीलाभ सक्सेना महज 50 मिनट मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा अव्यवस्थाओं और हाल ही में उजागर हुए घोटालों पर मीडिया के सवालों पर चुप्पी साध ली, लेकिन एक ब्लॉक सीएमएचओ को ‘पॉलिटिक्स’ का पाठ जरूर पढ़ा दिया।

“आपको राजनीति करनी है क्या?” : DM का सवाल

बैठक में सबसे गरमाया हुआ मुद्दा मंडरायल ब्लॉक सीएमएचओ (BCMO) महेश मीणा का रहा। दो दिन पूर्व पूर्व मंत्री रमेश चंद मीणा ने BCMO महेश मीणा पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायतों में मरीजों के जीवन से खिलवाड़, सरकारी एंबुलेंस और दवाइयों का दुरुपयोग, और कैलादेवी स्थित उनके निजी अस्पताल में सरकारी मरीजों को रेफर करने जैसे मामले शामिल थे। पूर्व मंत्री ने कलेक्टर से यहां तक कहा था कि “जिले में क्या हो रहा है? सीएमएचओ खुलेआम वसूली कर रहे हैं।”

इस संदर्भ में जब बैठक में चर्चा हुई, तो DM ने BCMO से सीधा सवाल किया, “आपका प्राइवेट हॉस्पिटल है क्या?” BCMO द्वारा “हां” कहने पर जब शिकायतों का जिक्र हुआ तो BCMO ने सफाई दी कि “साहब, यह पॉलिटिक्स की वजह से हो रहा है।” इस पर DM ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, “पॉलिटिक्स से आपका क्या लेना-देना? आपको राजनीति करनी है क्या? चुनाव आ रहे हैं, आपका सहयोग कर देंगे।” DM ने चेतावनी दी कि वे जल्द ही उनके अस्पताल का दूसरे विभाग से औचक निरीक्षण करवाएंगे और कमी मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।

घोटालों और सर्विस बुक मामले पर ‘साहब’ की चुप्पी

बैठक में विरोधाभास तब देखने को मिला जब डीएम साहब ने एक तरफ तो कार्रवाई की बात की, लेकिन दूसरी तरफ जिले में चल रहे बड़े मुद्दों पर मौन धारण कर लिया।

  1. गुढ़ाचंद्रजी घोटाला: बीते दिन ऑडिट टीम द्वारा गुढ़ाचंद्रजी BCMO ऑफिस में पकड़े गए वित्तीय घोटाले (जिसका जिक्र एक्सपोज़ नाउ पहले कर चुका है Link) पर कलेक्टर ने कोई चर्चा नहीं की।
  2. सर्विस बुक प्रकरण: जिले के सैकड़ों चिकित्सकों की सर्विस बुक नियम विरुद्ध तरीके से सीएमएचओ दफ्तर में रखी गई हैं, जबकि राजस्थान सर्विस अधिनियम और संभाग के अन्य जिलों (भरतपुर, सवाई माधोपुर) की व्यवस्था के अनुसार इसे संबंधित अधिकारियों के पास होना चाहिए। मीडिया द्वारा जब यह सवाल उठाया गया कि “क्या करौली कोई स्पेशल जिला है?”, तो कलेक्टर ने “मैसेज नहीं देखा” और “सीएमएचओ से पूछो” कहकर पल्ला झाड़ लिया और बेरुखी से अपने चेंबर में चले गए।
कलक्टर का पत्र

बदले-बदले से नजर आए सरकार (DM-CMHO याराना)

बैठक में एक और नजारा चर्चा का विषय बना रहा—जिला कलेक्टर और सीएमएचओ डॉ. जयंती लाल मीणा के बीच का ‘दोस्ताना व्यवहार’। यह वही कलेक्टर हैं जिन्होंने पूर्व में सीएमएचओ को स्वास्थ्य अव्यवस्थाओं पर फटकार लगाई थी, दो बार 17 सीसीए की चार्जशीट दी थी, और उनकी सेवाओं से असंतुष्ट होकर प्रमुख शासन सचिव (PHS) को पत्र तक लिखा था। लेकिन शुक्रवार की बैठक में तेवर बिल्कुल जुदा थे। स्वास्थ्य महकमे में अब यह कानाफूसी तेज है कि क्या जयपुर बैठे किसी रसूखदार का फोन आया है, या कोई और ‘सेटिंग’ हो गई है? उम्मीद थी कि 9 महीने बाद हो रही बैठक में लापरवाहों पर गाज गिरेगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

सिलिकोसिस और अन्य योजनाओं की समीक्षा

बैठक के तकनीकी सत्र में डीएम और सहायक निदेशक (लोक सूचना) अनिल जैन ने योजनाओं की समीक्षा की:

  • सिलिकोसिस: जिले में करीब 2000 सिलिकोसिस सर्टिफिकेट निरस्त होने पर चिंता जताई गई और पेंडेंसी खत्म करने के निर्देश दिए गए।
  • NQAS सर्टिफिकेशन: क्वालिटी टीम को जिले के 50% संस्थानों को सर्टिफाइड कराने का लक्ष्य दिया गया। पीएचसी बालाजी को प्रमाण पत्र मिला।
  • अन्य योजनाएं: लाडो योजना, वजन कम वाले नवजात, और टीबी मुक्त भारत अभियान पर चर्चा हुई।

भरतपुर JD बोले- सोमवार को बताऊंगा

सर्विस बुक मामले में भरतपुर जेडी डॉ. सुनील कुमार से जब पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे सोमवार को चेक करके बताएंगे कि करौली सीएमएचओ ने जवाब भेजा है या नहीं। गौरतलब है कि सीएमएचओ डॉ. जयंती लाल मीणा पर उच्च अधिकारियों और मंत्रियों तक के फोन न उठाने के आरोप लगते रहे हैं, जिसकी पुष्टि खुद कलेक्टर भी कर चुके हैं।

बैठक में ये रहे मौजूद: डिप्टी हेल्थ ओमप्रकाश महावर, पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा, हिंडौन पीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र बंसल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी लाखन सिंह, और सभी बीसीएमओ व प्रभारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!