करौली: कालीसिल बांध में डूबे बुजुर्ग का शव बरामद, मगरमच्छों के साये में सिविल डिफेंस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

करौली। जिले के सपोटरा उपखंड क्षेत्र स्थित कालीसिल बांध में डूबे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मंगलवार को करीब 20 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान हरिमोहन मीणा निवासी पटपरी (पंचायत अमरवाड़) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

किनारे पर मिले कपड़े और मोबाइल से हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पीतूपुरा के पास कालीसिल बांध के किनारे लावारिस कपड़े और एक मोबाइल फोन मिला है। परिजनों ने सामान की पहचान हरिमोहन मीणा के रूप में की, जिसके बाद उनके बांध में डूबने की आशंका गहरा गई। घटनास्थल पर पैरों के निशान मिलने से यह साफ हो गया कि बुजुर्ग पानी की ओर गए थे।

मगरमच्छों के बीच जोखिम भरा रेस्क्यू

सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुँची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जलाशय में मगरमच्छों की मौजूदगी की जानकारी मिली, जिससे अभियान काफी जोखिम भरा हो गया। सुरक्षा कारणों से गोताखोरों को बेहद सतर्कता के साथ सीमित दायरे में तलाश करनी पड़ी। सोमवार शाम अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा, जिसे मंगलवार सुबह पुनः शुरू किया गया।

4 घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव

मंगलवार को सिविल डिफेंस की टीम ने चार घंटे के गहन सर्च ऑपरेशन के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। बुजुर्ग को तुरंत राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेस्क्यू टीम में फरमान खान, बृजभूषण सैनी, पुष्पेंद्र सैनी, जयदेव माली सहित अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कैलादेवी थाना पुलिस मामले की प्रारंभिक जांच कर रही है कि बुजुर्ग बांध के पास किस उद्देश्य से गए थे। इस घटना के बाद पटपरी गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!