करौली दंगे के मास्टरमाइंड अमीनुद्दीन की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की मांग, भाजपाइयों ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव

करौली, राजस्थान के करौली में 2 अप्रैल 2022 को हुए दंगों के मुख्य आरोपी और ‘सट्टा किंग’ अमीन खान उर्फ अमीनुद्दीन के खिलाफ अब भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया और जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की अवैध संपत्ति पर तत्काल बुलडोजर चलाने की मांग की।

नगर परिषद के नोटिस के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

भाजपा जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दंगे के मास्टरमाइंड अमीनुद्दीन खान की अंबेडकर सर्किल भट्टा के पास एक अवैध होटल बनी हुई है। नगर परिषद करौली ने पहले ही इस बिल्डिंग को अवैध मानते हुए इसे हटाने का नोटिस चस्पा किया था। हालांकि, नोटिस की समय सीमा बीत जाने के बावजूद अभी तक प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि इस अवैध निर्माण पर तुरंत बुलडोजर चलाया जाए।

कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का भरोसा

जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने प्रदर्शनकारी भाजपाइयों की बात सुनी और उन्हें उचित विधिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की।

कौन है अमीनुद्दीन खान?

अमीनुद्दीन खान नगर परिषद की पूर्व सभापति रशीदा खातून का पुत्र है। उसे 2 अप्रैल 2022 को करौली में भड़की हिंसा और दंगों का मुख्य षड्यंत्रकारी माना जाता है। पुलिस रिकॉर्ड में उसे सट्टा किंग के नाम से भी जाना जाता है।

प्रदर्शन में शामिल रहे प्रमुख नेता: ज्ञापन सौंपने के दौरान महामंत्री धीरेंद्र बैसला, सुरेश शुक्ला, योगेश शर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रामेंद्र सिंह जादौन और मीडिया संयोजक मुकेश सालौत्री सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!