जयपुर। शहर में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 20 और 21 अगस्त को चलाए गए इस अभियान के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले 544 वाहन चालकों के चालान किए गए। यातायात पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सड़क पर शॉर्टकट के लिए गलत दिशा में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के नेतृत्व में जयपुर के पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और उत्तर जोन में विशेष टीमें तैनात की गईं। इन टीमों ने रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन कार्रवाई की।
दो दिन में रॉन्ग साइड के 544 चालान
विशेष अभियान के तहत 20 अगस्त को रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 283 चालान, जबकि 21 अगस्त को 261 चालान किए गए। इस तरह दो दिनों में कुल 544 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
यातायात पुलिस के मुताबिक रॉन्ग साइड वाहन चलाना गंभीर यातायात उल्लंघन है। इससे सामने से आने वाले वाहनों के साथ टक्कर की आशंका बढ़ जाती है और गंभीर या घातक सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
कुल 7,134 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई
जयपुर यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 20 और 21 अगस्त को विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 7,134 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
इनमें:
- VIOसी ऐप से फोटो खींचकर: 798 चालान
- POS मशीन के माध्यम से: 2,633 चालान
- ITMS ऑनलाइन चालान: 1,135 चालान
- इंटरसेप्टर/स्पीड गन से: 2,568 चालान
- रॉन्ग साइड ड्राइविंग: 544 चालान
यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा की भावना विकसित करना है।
पुलिस की सख्त चेतावनी—शॉर्टकट के चक्कर में न डालें जान जोखिम में
पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और हमेशा सही दिशा में वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए नियमों की पालना जरूरी है।
यातायात पुलिस ने संदेश दिया कि “शॉर्टकट से बची हुई दूरी, जिंदगी से ज्यादा जरूरी नहीं है।” पुलिस ने आमजन से रॉन्ग साइड ड्राइविंग से पूरी तरह बचने की अपील की है।
रामबाग सर्किल पर यातायात जागरूकता अभियान
रॉन्ग साइड वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जयपुर यातायात पुलिस की ओर से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए रामबाग सर्किल पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान भी आयोजित किया गया।
यह अभियान जैन सोशल कैपिटल ग्रुप के सहयोग से आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण एवं नोडल अधिकारी कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सुनीता मीना ने पुलिस अधिकारियों और ग्रुप के सदस्यों के साथ सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए समझाइश की।
हेलमेट, सीट बेल्ट और स्पीड लिमिट की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान दुपहिया वाहन चालकों को मानक हेलमेट पहनने और चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने की सलाह दी गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को रेड लाइट का उल्लंघन नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी समझाइश दी।
यातायात पुलिस ने कहा कि यातायात नियम महज कानूनी बाध्यता नहीं हैं, बल्कि वाहन चालक, उनके परिवार और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा से सीधे जुड़े हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचें।