आग का तांडव: मर्सिडीज़ वर्कशॉप में धधकी भीषण आग, करोड़ों की 8 लग्जरी कारें जलकर खाक, 5 किमी दूर तक दिखा धुआं

जयपुर: राजधानी जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र स्थित सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया के बालाजी मार्केट में मंगलवार देर रात एक मर्सिडीज़-बेंज़ (Mercedes-Benz) कंपनी के वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी डरावनी थीं कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दुर्घटना में वर्कशॉप के अंदर खड़ी 8 कीमती लग्जरी कारें, महंगे स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग का काला धुआं और भयंकर गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

50 से अधिक गाड़ियां थीं मौजूद, टला बड़ा हादसा

हादसे के वक्त वर्कशॉप के अंदर नई और पुरानी मिलाकर 50 से अधिक महंगी कारें मौजूद थीं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत हरकत में आ गई और मौके पर पहुंच गईं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत आसपास के क्षेत्र की बिजली सप्लाई काट दी गई। दमकलकर्मियों और पुलिस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कई कारों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे करोड़ों रुपये का अतिरिक्त नुकसान होने से बच गया।

10 दमकलों ने 2 घंटे की मशककत के बाद पाया काबू

अग्निशमन अधिकारी (Fire Officer) उषा शर्मा ने जानकारी दी कि आग पर काबू पाने के लिए कुल 10 दमकल की गाड़ियों को लगाया गया था। इन गाड़ियों ने 2 दर्जन से अधिक फेरे लगाए, तब जाकर करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई

सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश शर्मा ने बताया कि इस भयावह अग्निकांड में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच और प्रशासनिक आंकलन में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment