जयपुर: राजधानी के सांगानेर सदर थाना इलाके में वाटिका रिंग रोड के पास एक महिला मजदूर की सनसनीखेज हत्या के मामले का जयपुर दक्षिण पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और ताबड़तोड़ दबिश के बाद मुख्य आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को मजदूरी के बहाने एक सुनसान प्लॉट में ले गया था, जहाँ गलत हरकत का विरोध करने पर उसने भारी पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी।
इस तरह सामने आया पूरा मामला
घटना की शुरुआत 22 सितंबर को मृतका के पति द्वारा दी गई रिपोर्ट से हुई थी। पति ने पुलिस को बताया था कि वह अपने परिवार के साथ वाटिका में किराए पर रहता है। 21 सितंबर को उसकी पत्नी मजदूरी के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। अगले दिन दोपहर करीब तीन बजे महिला का शव रिंग रोड के पास एक खाली प्लॉट में मिला, जिसके चेहरे और सिर को पत्थर से कुचला गया था। सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
100 सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
जयपुर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देश पर जिला विशेष टीम (DST) और सांगानेर सदर थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और चौराहों पर आने-जाने वाले मजदूरों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस का शक नीरज पर गहराया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नीरज (35 वर्ष) पुत्र राजकुमार
मूल रूप से गांव गुड़ा, थाना ढीमरखेड़ा, जिला कटनी (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में वाटिका इलाके में किराए पर रहकर मजदूरी करता था। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस ने कटनी क्षेत्र से उसे दबोच लिया और जयपुर लाकर पूछताछ शुरू की।
मजदूरी का झांसा देकर ले गया था सुनसान जगह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पोर्न फिल्में देखने और शराब पीने का आदी है। घटना वाले दिन वह सुबह चौराहे पर काम की तलाश में गया था, लेकिन काम न मिलने पर कमरे पर लौट आया। इसके बाद शराब पीकर वह दोबारा चौराहे पर पहुंचा, जहाँ उसे महिला मजदूर मिली। आरोपी उसे प्लॉट की सफाई का काम दिलाने के बहाने रिंग रोड के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया।
वहाँ आरोपी ने महिला के साथ गलत कार्य करने का प्रयास किया। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और दोनों के बीच संघर्ष हुआ, तो दरिंदे ने भारी पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस अब आरोपी से रिमांड के दौरान अन्य पहलुओं पर भी गहनता से पूछताछ कर रही है।