जयपुर: जयपुर पूर्व की रामनगरिया थाना पुलिस ने अपहरण और नृशंस हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10,000 रुपये के इनामी बदमाश प्रियांशु मीणा को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस इस मामले में एक अन्य सह-आरोपी हरकेश मीणा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है, जबकि मामले से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश लगातार जारी है।
अपहरण कर जंगलों में की थी बर्बरता
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी प्रियांशु मीणा ने अपने साथी हरकेश मीणा और अन्य सह-आरोपियों के साथ मिलकर कुंदनपुरा रेलवे फाटक के पास से सौरभ उर्फ गोलू का अपहरण किया था।
अपहरणकर्ता उसे जबरन स्विफ्ट कार में डालकर टोडाभीम के जंगलों में ले गए। वहां गांव खेड़ी व मेरेड़ा के पास सुनसान चारागाह में आरोपियों ने सौरभ पर डंडों, बेल्ट और कार के गेट की रबर से बर्बरतापूर्वक हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
चलती कार से झाड़ियों में फेंका था शव
हत्या को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपियों ने टोडाभीम बाईपास से रंगलालपुरा व मिल्कीपुरा के खेतों से होते हुए नांगल लाट जाने वाली सड़क के किनारे चलती कार से सौरभ के शव को झाड़ियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए थे।
महेश नगर से हत्थे चढ़ा आरोपी
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पारस जैन, सहायक पुलिस आयुक्त दीपक खण्डेलवाल (वृत्त सांगानेर) और थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम के कांस्टेबल सुशील कुमार (का.नि. 11015) से मिली सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रियांशु मीणा को महेश नगर, जयपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी का विवरण:
- नाम व उम्र: प्रियांशु मीणा (24 वर्ष), पुत्र राजेश कुमार मीणा
- निवासी: ग्राम सिंधान बजेड़ा, थाना सदर हिंडौन, जिला करौली
- स्थिति: 10,000/- रुपये का घोषित इनामी एवं वांछित आरोपी
कानूनी कार्रवाई
थाना रामनगरिया में पंजीकृत प्रकरण संख्या 344/2026 (धारा 103(1), 189(2), 140(1) BNS) के तहत आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं पर गहनता से पूछताछ कर रही है।