अब सुकून…गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाला हिस्ट्रीशीटर मुरैना से गिरफ्तार

गुलाबी नगरी में एक गर्भवती महिला समेत कई युवतियों के साथ छेड़छाड़ कर दहशत फैलाने वाले शातिर अपराधी राहुल उर्फ राज की फरारी अब खत्म हो गई है। जयपुर पुलिस ने बुधवार को एक बड़े ऑपरेशन के तहत आरोपी हिस्ट्रीशीटर को मध्य प्रदेश के मुरैना से गिरफ्तार कर लिया है। उसे गुरुवार शाम तक जयपुर लाए जाने की पूरी संभावना है।

एमपी के तीन जिलों में पुलिस का डेरा

राहुल की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई थी। आरोपी के सुराग तलाशने के लिए जयपुर पुलिस की कई टीमें पिछले कई दिनों से मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भिंड और मुरैना में डेरा डाले हुए थीं। जयपुर पुलिस की मदद के लिए स्थानीय क्राइम ब्रांच को भी इस मिशन में लगाया गया था।

डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हमारी टीम लगातार राहुल के पीछे लगी हुई थी। फिलहाल उसे डिटेन कर लिया गया है और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जल्द ही जयपुर लाया जाएगा।

क्या था पूरा मामला?

घटना 25 मार्च की शाम की है, जब जवाहर सर्किल थाना इलाके में आरोपी राहुल ने एक गर्भवती महिला के साथ सरेराह अभद्रता की थी। पीड़िता ने अगले ही दिन 26 मार्च को थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस की कार्यप्रणाली बेहद संदेहास्पद रही।

खाकी पर भी उठा सवाल, गिली गाज

इस पूरे मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही भी उजागर हुई है। आरोप है कि एसएचओ आशुतोष सिंह ने आरोपी को पहले थाने पर बुलाया था, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया। इस घोर लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लेते हुए:

  • एक एएसआई और हेड कांस्टेबल को निलंबित किया जा चुका है।
  • एसएचओ आशुतोष सिंह को चार्जशीट थमा दी गई है।
  • डीसीपी के निर्देश पर अब एसएचओ की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि आरोपी राहुल का मालवीय नगर में एक स्पा सेंटर भी है, जिसकी आड़ में वह अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था। ग्वालियर के बिजौली थाने के इस हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी के बाद अब पीड़ित महिलाओं ने राहत की सांस ली है।

Share This Article
Leave a Comment