जयपुर: दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब राजस्थान की राजधानी जयपुर तक पहुंच गई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सैकड़ों छात्र और युवा जवाहर सर्किल स्थित पत्रिका गेट पर सड़कों पर उतर आए हैं। पत्रिका गेट पर चल रहे इस प्रदर्शन का आज दूसरा दिन है, जहां छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान हंगामा: हथियार लेकर पहुंचा युवक पुलिस के हवाले
जयपुर में चल रहे इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान गुरुवार रात उस वक्त बड़ा हंगामा हो गया जब कथित तौर पर एक युवक हथियार लेकर पत्रिका गेट पहुंच गया। वहां मौजूद सतर्क प्रदर्शनकारियों ने तुरंत उसे घेर लिया, उसका वीडियो बनाया और उसे जमकर खरी-खोटी सुनाई। छात्रों का आरोप था कि यह युवक शांतिपूर्ण आंदोलन का माहौल बिगाड़ने और विवाद पैदा करने आया था। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे पकड़कर तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।
Expose Now से खास बातचीत में छात्र नेताओं ने भरी हुंकार
Expose Now के साथ बातचीत करते हुए राजस्थान युवाशक्ति एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज मीणा और राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्र नेता नीरज खीचड़ ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है।
- छात्र नेता नीरज खीचड़ ने कहा, स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के युवाओं ने जिन जनप्रतिनिधियों को चुनकर संसद और सत्ता तक पहुँचाया है, उनकी जिम्मेदारी है कि वे युवाओं के हितों की रक्षा करें। उन्होंने दो टूक कहा, “हमने आपको वोट दिया है और आपको हमारे हक की लड़ाई लड़नी होगी।”

- वहीं, मनोज मीणा ने कहा, “युवा अभी रुके नहीं हैं और न ही थके हैं। सरकार जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं ले लेती, हमारा विरोध प्रदर्शन यूं ही चलता रहेगा।” उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि हमने अभी आंदोलन का पहला पड़ाव पार किया है और जरूरत पड़ने पर युवा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के दरवाजे तक जाने के लिए भी तैयार हैं।

दिल्ली में सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त और पीएम मोदी का संदेश
उधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से चल रहे इस आंदोलन (जिसका नेतृत्व CJP यानी Cockroach Janta Party के अभिजीत दिपके कर रहे हैं) में बड़ा मोड़ आया है। पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में जूस पीकर अपनी 26 दिनों से चली आ रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। अनशन खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की और साथ ही नीट पेपर लीक मामले पर एक सेल्फ-रिकॉर्डेड वीडियो जारी कर कड़े कानूनी एक्शन, फास्ट-ट्रैक कोर्ट और नए कानूनों को लेकर अपनी बात रखी है। हालांकि, इसके बावजूद छात्रों और युवाओं का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है और जयपुर समेत कई अन्य जगहों पर विरोध प्रदर्शन लगातार तेज हो रहे हैं।
